महिला की हत्या कर साक्ष्य मिटाने का प्रयास, 4 गिरफ्तार
बलरामपुर। गढ़वा के बेलचम्पा कोयल नदी पुल के पास अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान रीना गिरी के रूप में हुई, जिसकी हत्या ससुराल पक्ष द्वारा साजिश के तहत की गई थी।
बता दें कि 30 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि बेलचम्पा पुल के पोल संख्या-11 के पास कोयल नदी में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा। जांच में पता चला कि महिला की हत्या कर उसके शव को साक्ष्य छिपाने के लिए नदी में फेंका गया था। वहीं 6 नवंबर 2024 को मृतका की पहचान थाना लुंड्रा, जिला सरगुजा (छत्तीसगढ़) निवासी रीना गिरी के रूप में हुई। रीना के भाई बदला गिरी ने बताया कि रीना की शादी 2021 में बलरामपुर निवासी गुरुचंद मंडल से हुई थी। शादी के बाद से ही रीना को उसके ससुराल वालों द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा था। झारखंड पुलिस द्वारा रमेश मंडल को गिरफ्तार कर कड़ी पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि मृतका के ससुर शांति मंडल ने उसे रीना को मारने के लिए 30 हजार रुपये का लालच दिया था। 29 सितंबर की शाम रमेश ने अपने साथी बीरु लकड़ा की मदद से रीना को जबरदस्ती कार में बिठाकर उसका अपहरण कर लिया। रास्ते में उसका हाथ और मुंह बांधने के बाद गढ़वा के बेलचम्पा पुल से रीना को नदी में फेंक दिया। झारखंड पुलिस ने पूछताछ में पाया कि हत्या से पहले ससुराल वालों ने रीना को यह कहने के लिए मजबूर किया कि वह खुद अपनी मर्जी से घर छोड़ रही है। इसकी रिकॉर्डिंग बनाकर उन्होंने इसे खुद को निर्दोष साबित करने के लिए इस्तेमाल किया। झारखंड पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक सीजी 30 एफ 3479 और दो मोबाइल फोन बरामद किया है।
झारखंड पुलिस ने किया मामले का पटाक्षेप
रीना गिरी के गुमशुदगी के बाद उसके पति गुरु चंद मंडल व आरोपियों से बलरामपुर पुलिस लगातार पूछताछ कर रही थी। पूछताछ के दौरान मृतका के पति गुरु चंद मंडल का संदेहास्पद तरीके से पुलिस कस्टडी में मौत होना सामने आया था। इसके बाद स्वजनों ने बलरामपुर सिटी कोतवाली थाने परिसर में तोड़फोड़ करते हुए जमकर उत्पात मचाया था। कुछ घंटे के लिए एनएच 343 को भी बाधित कर दिया था। इतना ही नहीं घटना के दूसरे दिन भी स्वजन मृतक के शरीर को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थे। दूसरे दिन भी हंगामा मचाया गया और पुलिस से हाथापाई की गई। झारखंड पुलिस ने पूरे मामले की तहकीकात के बाद इसका पटाक्षेप कर दिया है। मामले में चार आरोपियों को झारखंड पुलिस ने जेल भेज दिया है
इन आरोपियों को भेजा जेल
0 रमेश मंडल, हत्या की योजना का मुख्य साजिशकर्ता।
0 शांती मंडल, मृतका के ससुर और हत्या का आदेश देने वाला।
0 लतिका मंडल, हत्या में सहयोगी।
0 बीरु लकड़ा, हत्या में प्रत्यक्ष रूप से शामिल।

Categorized in: