राजेंद्र ठाकुर (राजू)ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर

बलरामपुर जनपद पंचायत बलरामपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत भेलवाड़ीह के पंचायत सचिव का कथित ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं। वायरल ऑडियो में कथित रूप से पंचायत सचिव जन्म प्रमाण पत्र ऑनलाइन करने के एवज में पैसे की मांग करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो में यह भी कथित तौर पर कहा गया है कि जिले में डेढ़ से दो सौ रुपये देना पड़ता है, नहीं तो चक्कर काटते रहना पड़ेगा।
ऑडियो वायरल होने और मामले की शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद जनपद स्तर के अधिकारियों ने सक्रियता दिखाते हुए जांच टीम को गांव भेजा था। सूत्रों की मानें तो जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण तथ्यों की पुष्टि भी हुई, लेकिन इसके बावजूद आज तक संबंधित पंचायत सचिव पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है।
इधर ग्रामीणों का आरोप है कि आज भी उन्हें छोटे-छोटे दस्तावेजों के लिए कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं और पंचायत में भय व असमंजस का माहौल बना हुआ है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर ऐसा कौन-सा ब्रह्मास्त्र पंचायत सचिव के पास है, जिसके चलते जिम्मेदार अधिकारी कार्रवाई करने से बचते नजर आ रहे हैं।
मामले से नाराज शिकायतकर्ता एक बार फिर जिला पंचायत सीईओ कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बच्ची का जन्म प्रमाण पत्र पिछले लगभग महीनो से ऑनलाइन नहीं हो पाया है, जिससे बच्ची के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं और परिवार को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या जिम्मेदार कथित भ्रष्टाचार के इस मामले में सख्त कदम उठाएगा या फिर एक मासूम बच्ची के जन्म प्रमाण पत्र के लिए परिजनों को यूं ही दफ्तरों की ठोकरें खानी पड़ेंगी।

Categorized in: