तीन दिन बाद भी नहीं चला पता, परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान
बिश्रामपुर। दुर्ग अंबिकापुर एक्सप्रेस ट्रेन में भिलाई पॉवर हाउस स्टेशन से बैकुंठपुर स्टेशन तक यात्रा कर रही 35 वर्षीय महिला व उसकी मासूम बेटी रहस्यमय ढंग से लापता हो गए हैं। तीन दिन बाद भी मां बेटी का कोई पता नहीं चल सका है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। महिला का मोबाइल लगातार स्विच ऑफ बता रहा है जिससे परिजनों में की चिंता बढ़ गई है। परिजन ने मामले की शिकायत भिलाई सहित चिरमिरी थाने में दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि चिरमिरी गोदरीपारा निवासी 35 वर्षीय महिला गुड़िया पति गौतम मालाकार पिछले दिनों अपनी मासूम बेटी के साथ माइके भिलाई गई थी। 28 जनवरी को दुर्ग अंबिकापुर ट्रेन से वह लौट रही थी, उसने दुर्ग अंबिकापुर ट्रेन में बैकुंठपुर तक रिजर्वेशन कराया था। रिजर्वेशन में उसे एस फाइव बोगी में 34 नंबर की मिडिल बर्थ मिली थी।बैकुंठपुर से उसे बस से चिरमिरी जाना था लेकिन महिला का दूसरे दिन से अब तक कोई पता नहीं चल सका है। घटना के आज तीन दिन बीतने के बाद भी महिला व बच्ची का कोई पता नहीं चलने और उनका लगातार मोबाइल बंद होने से परिजन में चिंता की लकीरें झलक रही हैं। मामले की शिकायत भिलाई सहित चिरमिरी पुलिस व आरपीएफ से की गई है। बताया जा रहा है कि महिला के मोबाइल से उसके भाई को मैसेज आया है, जिसमे घर नहीं लौटने की बात उल्लेखित है । हालांकि परिजन का कहना है कि महिला ने मैसेज में इंग्लिश शब्द का उपयोग किया गया है जबकि वह हिन्दी में मैसेज करती थी।परिजन में किसी अनहोनी की आशंका को लेकर चिंता दिख रही है।
जहर खुरानी के मामले में भी वृद्धि
ज्ञात हो कि इन दिनों ट्रेनों में जहर खुरानी के मामले भी बढ़े हैं, जिसमे यात्रा के दौरान नशीली पदार्थ खिला अथवा चेहरे पर स्प्रे छिड़क बेहोशकर लूटपाट का गिरोह यात्री ट्रेनों में सक्रिय है। बताया जा रहा है कि पखवाड़े भर पूर्व ही रेलवे विभाग के पीडब्लूआई भी जहर खुरानी के शिकार हो चुके हैं। यात्रा के दौरान अनजान लोग यात्रियों से पहचान बढ़ाकर उन्हे नशीली दवा अथवा नशीली चीज सुंघाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे हैं। उक्त वारदात अधिकतर अनूपपुर व कोतमा बिजुरी स्टेशन के मध्य हो रही है। बताया जा रहा है कि रात्रि में यात्री ट्रेनों को आरपीएफ स्कॉट करती है। बावजूद इसके ऐसी घटना हो रही है जो यात्रियों के लिए चिंता की सबब बनती दिख रही है।

Categorized in: