पूर्व में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
अंबिकापुर। निवेशकों को रकम दोगुना करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के द्वारा शुभ साईं डीकोन इंडिया लिमिटेड कम्पनी का कार्यालय खोलकर करोड़ों रुपये की निवेशकों से ठगी की गई थी। पुलिस टीम ने पूर्व में की गई कार्रवाई में कम्पनी के डायरेक्टर सहित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक सियाराम एक्का निवासी मानिकप्रकाशपुर ने थाना गांधीनगर में 15.10.2019 को रिपोर्ट दर्ज कराया कि वर्ष 2014 में उसे जानकारी मिली थी कि शुभ साईं डीकोन इंडिया लिमिटेड में पैसा जमा करने पर जल्द रकम दोगुना हो जाएगा। इसके बाद वह पीजी कॉलेज के सामने मनेन्द्रगढ़ रोड में स्थित शुभ साईं डीकोन इंडिया लिमिटेड के किराए के मकान में संचालित कार्यालय में गया, यहां संचालक जमुना चौहान, ओमप्रकाश धीवर एवं अन्य मिले और कंपनी के बारे में जानकारी दिए। इन्होंने बताया कि रकम जमा करने पर छह साल में दोगुना हो जाएगा। इसके बाद वह एक हजार रुपये प्रति माह जमा करने लगा। 13 किश्त में कुल 13 रुपये वह कम्पनी में जमा करके कपंनी का एजेंट भी बन गया और अपने जान-पहचान वाले व्यक्तियों का पैसा भी यहां जमा करवा दिया। जून 2015 में पैसा जमा करने के जिए जब वह कंपनी के कार्यालय गया तो बंद मिला। जमुना चौहान, ओमप्रकाश धीवर एवं अन्य से संपर्क करने का प्रयास किया तो सभी का मोबाइल नंबर बंद बता रहा था। कार्यालय में भी कोई नहीं मिले। ऐसे में उसे कम्पनी बंद करके धोखाधड़ी करने का आभास हुआ। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 420, 34 भा.द.वि. इनामी चिटफंड एवं परिचालन स्कीम (पाबन्दी) अधिनियम 1975 की धारा 3, 4 एवं छत्तीसगढ़ के निक्षेपकों का हित संरक्षण अधिनियम की धारा 10 का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया था। पूर्व में पुलिस टीम ने प्रकरण में ओमप्रकाश धीवर को पकड़ा और पूछताछ की तो उसने संचालक पुष्पेन्द कुमार देवांगन, सीमा देवांगन, धीरेन्द्र देवांगन एवं अन्य के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने मामले में पूर्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश धीवर, धीरेन्द्र देवांगन, पूर्णेन्द देवांगन, सीमा देवांगन को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था और मामले में शामिल अन्य आरोपियों को तलाश रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने जमुना चौहान पति सुरेश सिंह चौहान 34 वर्ष, निवासी पौसरा थाना कोनी जिला बिलासपुर को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक गौरव कुमार पाण्डेय, प्रधान आरक्षक मुकेश गुप्ता, महिला आरक्षक प्रिया रानी, आरक्षक बृजेश राय, जितेंद्र मिश्रा सक्रिय रहे।

Categorized in: