युवक कांग्रेसी नेता ने शहर में सड़क निर्माण कार्य को लेकर उठाए सवाल

अंबिकापुर। शहर के सड़कों का निर्माण कार्य इन दिनों तेजी से चल रहा है। इसकी मुख्य वजह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 20 नवंबर को अंबिकापुर आगमन बताया जा रहा है। इसे लेकर लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। कोई कह रहा है यदि राष्ट्रपति का दौरा नहीं होता तो सड़कें अभी नहीं बनती। इसी कड़ी में युवक कांग्रेसी नेता शुभम जायसवाल ने शहर में तेजी से चल रहे सड़क निर्माण, गौ माताओं को कांजी हाउस भेजने व स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ने पर भी सवाल उठाया है और कहा है कि क्या ये काम पहले नहीं हो सकते थे।


शुभम जायसवाल ने सोशल मीडिया पर जारी किए गए एक पोस्ट के माध्यम से कहा है कि शहर की सड़कों को लेकर हमने 3-4 आंदोलन किए। सोशल मीडिया के माध्यम से भी विरोध जताया, लेकिन प्रदेश सरकार के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। यहां के विधायक, मंत्री से लेकर सांसद तक ने मौन धारण कर रखा था। जिस प्रकार ढाई साल से जनता धूल खा रही है, कई लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। उसके बाद भी मंत्री, विधायकों ने एक बार भी अपनी ओर से सड़क बनवाने की पहल नहीं की। कभी पीडब्ल्यूडी तो कभी एनएच की सड़कें बोलकर काम चालू नहीं किया। आज स्थिति ये है कि देश की राष्ट्रपति आ रही हैं तो सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। राष्ट्रपति के अंबिकापुर आगमन पर उन्होंने लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति को जिन-जिन मार्गों से होकर गुजरना है, उनका निर्माण कार्य शुरु हो चुका है। नगर निगम के माध्यम से भी कुछ-कुछ कार्य शुरु हो चुके हैं।
गौमाताओं को भेजा जा रहा कांजी हाउस
शुभम जायसवाल ने कहा कि शहर की सड़कों पर गौमाता घूमते रहती हैं। कई बार सड़क दुर्घटनाओंं में उनकी मौत हो चुकी हैं। पहले कई बार गौ सेवा मंडलों के द्वारा भी निवेदन किया जाता था, लेकिन कभी कार्रवाई नहीं की गई। राष्ट्रपति के आगमन का समय हो चुका है तो आज उन्हें गौमाता की याद आ रही है। उन्हें सड़कों से उठाकर कांजी हाउस भेजने का कार्य किया जा रहा है। स्ट्रीट डॉग को हटाने का काम किया जा रहा है।
क्या माननीय आएंगे तभी होंगे काम
शुभम ने सवाल उठाया है कि क्या कोई मंत्री, विधायक या राष्ट्रपति आएंगे तभी इस प्रकार के विकास कार्य अंबिकापुर शहर या जिले में किए जाएंगे। उन्होंने शासन से अपील की, कि आम जनता को जिन चीजों की जरूरत है, उन्हें दिया जाए। मुझे लगता है आज के दौर में जिस तरह से शासन-प्रशासन चल रहा है, जब तक मंत्री, विधायक नहीं आएंगे तक तब काम देखने को नहीं मिलेगा। क्या इसी तरह चलता रहेगा।

Categorized in: