अंबिकापुर। सरगुजा संभाग में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड को देखते हुए सरगुजा कलेक्टर विलास भोस्कर ने स्कूलों के संचालन का समय बदल दिया है। अब दो पालियों में लगने वाले स्कूल सुबह 8.30 बजे से लगेंगे। निजी स्कूलों के संचालन का भी समय बदला जाएगा। एक पाली में लगने वाली शालाएं यथावत रहेंगी। शनिवार को भी स्कूलों के संचालन का समय सुबह 8.30 बजे से होगा। संभाग में कड़ाके की ठंड के बावजूद स्कूलों के संचालन का समय नहीं बदला गया था। निजी और दो पालियों में लगने वाले सरकारी स्कूल सुबह 7 और 7.30 बजे से लग रहे थे, इससे बच्चे ठिठुरते हुए स्कूल पहुंच रहे थे।

सरगुजा संभाग में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड जारी है। मंगलवार को सरगुजा के मैनपाट का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट इलाकों में ओंस की बूंदें जमने लगी हैं। मैदानी इलाकों में स्थानीय प्रभाव से बादल छाए रहने के कारण न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया है। सरगुजा संभाग में नवंबर माह में 57 सालों में सर्वाधिक ठंड रिकार्ड किया गया है। उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहरों के कारण मैदानी से लेकर पाट इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटों में मैनपाट में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री दर्ज किया गया है। पाट इलाकों में मंगलवार की सुबह ओस की बूंदें जमी हुई मिलीं। लगातार सर्द हवाओं के कारण पाट क्षेत्रों में दिन में भी हवाएं ठिठुरा रही हैं। इसे देखते हुए मंगलवार देर शाम सरगुजा कलेक्टर ने आदेश जारी कर स्कूलों के संचालन का समय बदल दिया है, अन्य जिलों में फिलहाल स्कूलों के संचालन का समय यथावत है। बलरामपुर में शिक्षक संघ ने कड़ाके की ठंड में स्कूलों के संचालन का समय बढ़ाने की मांग की है, लेकिन अभी तक बलरामपुर एवं सूरजपुर जिले सहित अन्य जिलों में स्कूलों के संचालन के समय बदलाव को लेकर प्रशासन ने कोई निर्णय नहीं लिया है।

मैदानी इलाकों में बादलों ने दी कुछ राहत
मैदानी इलाकों में स्थानीय प्रभाव के कारण हल्के बादल छाए हुए हैं। इसके कारण न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। मंगलवार को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री दर्ज किया गया है। इसके पहले 16 नवंबर को अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री तक गिर गया था। सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया था।

57 सालों में नवंबर में सर्वाधिक ठंड
पिछले 57 साल के रिकार्ड में इस साल नवंबर माह में सर्वाधिक ठंड दर्ज की गई है। इन वर्षों में 20 नवंबर के पहले अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के नीचे नहीं आया था। पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का अधिकतम तापमान भी कुछ बढ़ा है एवं अधिकतम तापमान 27 डिग्री रिकार्ड किया गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री दर्ज किया गया था।

जारी रहेगा शीतलहरी का असर
मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी सर्द हवाओं के कारण शीतलहर का असर अभी जारी रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि हल्के बादलों ने थोड़ी राहत दी है, लेकिन बादल छंटते ही फिर से न्यूनतम तापमान गिरेगा। 

Categorized in: