वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने 6 लोगों को किया गिरफ्तार  

अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत जोड़ा पीपल में दो पक्षों मे मारपीट के वायरल वीडिओ पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनो पक्षों ने जमीन के सीमांकन के बाद बनी विवाद और मारपीट की स्थिति को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।

जानकारी के मुताबिक केदारपुर जोड़ा पीपल निवासी विजेता ताम्रकर ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 17 नवम्बर को शाम करीब 4.30 बजे जोड़ा पीपल के पास स्थित अनीष केशरी, मनीष केशरी व उनके जमीन का सीमांकन राजस्व विभाग की टीम के द्वारा किया गया। सीमाकंन के बाद राजस्व अमले ने भूमि स्वामियों को उनकी जमीन का चिन्हांकन करके बताया गया, और वे चले गए। राजस्व टीम के द्वारा किए गए सीमांकन को अनीष केशरी, मनीष केशरी और उसके मामा नहीं मानते हुए गाली-गलौज करने लगे। इन्हें गाली देने से जब वह मना की तो अनीश, मनीष और उसके मामा जान से मारने की धमकी देकर डंडा व स्टील के रॉड से उनके पुत्र आर्यन के साथ मारपीट करने लगे। अनीस की मां गाली-गलौज करते हुए ईंट फेंककर मारपीट करने लगी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अनीष केशरी, मनीष केशरी, अनिस की मां व मामा लोगों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296(इ), 3(5), 351(2) का मामला दर्ज किया है।


मारपीट और जेसीबी से दुकान तोड़ने का आरोप
दूसरे पक्ष से अनीश केशरी ने रिपोर्ट दर्ज कराया है कि 17 नवम्बर की शाम को राजस्व विभाग की टीम उसके दादा की संपत्ति की नपाई करने के लिए आई थी। नपाई होने के पश्चात अचानक नाराजगी व्यक्त करते हुए रामू ताम्रकार, भरत ताम्रकार, आर्यन ताम्रकार एवं अन्य सभी निवासी जोड़ा  पीपल के द्वारा हाथ, मुक्का, डंडा व लोहे के रॉड से उनके ऊपर हमला कर दिया और जेसीबी लगाकर दुकान को तोड़ दिया। मारपीट में उसे और मामा संतोष केशरी को चोट आई है। आरोप है कि इनके द्वारा जमीन को अपना बताते हुए दोबारा नपाई करवाने पर जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले में रामू ताम्रकर, भरत ताम्रकर, आर्यन ताम्रकर सहित अन्य के विरूद्ध बीएनएस की धारा 115(2), 296(इ), 3(5), 351(2) के तहत केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस ने चिन्हांकन करके इन्हें किया गिरफ्तार
जोड़ा पीपल में दो पक्षों के बीच लाठी-डंडे से लैस होकर मारपीट और हुड़दंग मचाने के वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस ने एक पक्ष से संदीप केशरी पिता स्व. नाथुन प्रसाद केशरी 57 वर्ष, मनीष केशरी पिता प्रमोद केशरी 38 वर्ष व अनीष केशरी पिता प्रमोद केशरी 28 वर्ष, दूसरे पक्ष से रामू ताम्रकार पिता स्व. मथुरा ताम्रकार 48 वर्ष, भारत ताम्रकार पिता स्व. मथुरा ताम्रकार 43 वर्ष व आर्यन ताम्रकार पिता राजेश ताम्रकार 27 वर्ष, सभी निवासी जोड़ापीपल को गिरफ्तार कर लिया है।

Categorized in: