लुचकी घाट में यात्री बस की चपेट में आये बाइक सवार मोहर्रिर की मौत से स्वजन सदमे में

अंबिकापुर। पुलिस लाइन अंबिकापुर में पदस्थ बाइक सवार प्रधान आरक्षक को अंबिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाइवे में लुचकी घाट के पास मंगलवार की रात को यात्री बस ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस को जब्त करके चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। प्रधान आरक्षक के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल में हुआ। शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। घटना से पुलिस विभाग और संबंधियों में शोक का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोदा मानापारा का श्रीराम लकड़ा पिता धनसाय लकड़ा 53 वर्ष, अंबिकापुर के गांधीनगर थाना परिसर से लगे पुलिस कॉलोनी में परिवार के सदस्यों के साथ निवास करता था। वर्तमान में उसकी पदस्थापना पुलिस लाइन में थी। मंगलवार की सुबह करीब 9.30 बजे वह घर से निकलते वक्त अपनी पत्नी को ड्यूटी में पुलिस लाइन जाने की बात कहकर निकला था, इसके बाद घर नहीं लौटा। देर शाम तक घर नहीं आने से चिंतित पत्नी ने पत्नी ने देर रात 11 बजे तक फोन लगाकर अपने पति का हाल-खबर लेने का प्रयास किया, लेकिन वह फोन रिसीव नहीं किया।

शव को देखकर पत्नी सदमे में

पत्नी ने सोचा कि किसी काम में फंसे होंगे, इस वजह से लेट हो रहा होगा। ऐसे में वह ज्यादा ध्यान नहीं दी और सो गई। बुधवार की सुबह पड़ोस में रहने वाले पुलिस परिवार के माध्यम से बस से पति का एक्सीडेंट होने और मौत की सूचना मिली। आसपास के लोगों की मदद से वह बदहवास मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल पहुंची, तो उसके पति का शव मर्च्युरी में रखा है। पति के शव को देखकर वह सदमे में आ गई।

गृहग्राम से वापसी की संभावना

पुलिस लाइन में पदस्थ बाइक सवार प्रधान आरक्षक श्रीराम लकड़ा शहर से लगे लुचकी घाट में तेज रफ्तार राजधानी बस क्रमांक सीजी 15 ए- 5316 की चपेट में आया था, और उसकी मौत हो गई थी। घटना मंगलवार रात करीब 9 बजे की है। अपने कार्यस्थल पुलिस लाइन से वह लुचकी घाट की ओर क्यों गया था, इसका पता नहीं चल पाया है। संभावना है कि, खेती-किसानी के मौसम को देखते हुये वह अपने गृहग्राम बोदा गया होगा, वापस अंबिकापुर लौटते समय बस हादसे का शिकार हो गया।

Categorized in: