होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेण्डरी स्कूल में बोर्ड परीक्षा के टॉपर बच्चों का सम्मान
अंबिकापुर। होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेण्डरी स्कूल, अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2024-25 की सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्रों का सम्मान पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा दीपक कुमार झा आई.पी.एस. के मुख्य आतिथ्य में उल्लास पूर्वक माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में प्रतिभावान बच्चों के माता-पिता भी उपस्थित थे। अपने बच्चों को सम्मानित होते देखकर विद्यालय प्रांगण में उपस्थित लोग भावुक हो उठे।
कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि को वरिष्ठ शिक्षक सुनील तिवारी द्वारा बैंच लगाकर किया गया। विद्यालय के गौरव बैगपाइपर बैण्ड के साथ उनकी आगवानी की और मंच तक पहुंचाया। दीप प्रज्वलन तथा स्वागत गान के साथ कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत हुई। सर्वप्रथम विद्यालय की प्राचार्य सिस्टर जेस्सी थेक्कन ने बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उनके अथक परिश्रम और प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि अध्ययन का रास्ता कठिन तो है लेकिन इसका परिणाम अत्यंत सुखद है। आज का यह समारोह सिर्फ आपके द्वारा हासिल किए गए अंकों के लिए ही नहीं है बल्कि यह सुखद दिन उन सभी पलों को समर्पित है, जिनमें आपने अत्यंत कठोर परिश्रम किया है। यह समारोह उन अभिभावकों को भी समर्पित है, जिन्होंने अपने बच्चों के साथ जगकर कठिन तप किया है। उन्होंने कहा जो बच्चे 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल नहीं कर सके, उनके लिए मेरा यह कहना है कि परीक्षा में प्राप्त अंक आपके व्यक्तित्व को परिभाषित नहीं कर सकता। आपका हर ईमानदार प्रयास आपको सफलता के नजदीक ले जाएगा। कार्यक्रम की औपचारिक शुरूआत के बाद अलंकरण समारोह शुरू हुआ, जिसमें सर्वप्रथम कक्षा 12वीं की सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 14 छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके बाद कक्षा 10वीं की सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 46 छात्रों को सम्मानित किया गया। विषय विशेष में शत-प्रतिशत अंक हासिल करने वाले बच्चों तथा विशेष सांस्कृतिक उपलब्धि प्राप्त करने वाले बच्चों को भी मुख्य अतिथि के हाथों स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान करके सम्मानित किया गया, और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं की गई।
अलंकरण समारोह के पश्चात अभिभावकों, छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा श्री दीपक कुमार झा आई.पी.एस. ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज इन बच्चों को सम्मानित करके वे स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और अपने पिछले दिनों को याद कर रहे हैं। उन्होंने कहा वे आई.आई.टी. उत्तीर्ण कर नौकरी करने लगे लेकिन अथक परिश्रम करते हुए संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण करके अपने तय लक्ष्य को हासिल किए। उन्होंने कहा आप सभी भविष्य में जो कुछ बनना चाहें, उसे आज ही तय करें। आपके सामने आपका लक्ष्य स्पष्ट होना चाहिए। इसके साथ ही आपके मन में अपने माता-पिता और गुरूजनों के प्रति सम्मान का भाव होना चाहिए। विद्यालय की टॉपर जसकीरत बाबरा ने अपना अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सि. जेस्सी थेक्कन ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी, शिक्षकों और अभिभावकों के लगन और सहयोग के लिए उनका आभार प्रकट किया।

Categorized in: