अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम पंचायत रनपुरकला में मनरेगा कार्य में रोजगार सहायिका पनमेश्वरी राजवाड़े पर घोटाला और काम कराने के एवज में पैसे लेने का आरोप ग्रामीण लगा रहे हैं, इसकी शिकायत ग्रामीण व पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को जनदर्शन में दिया है। कमला राजवाड़े, सुनीता यादव, उप सरपंच विशाल सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत रनपुर कला में लगभग 7 वर्ष पूर्व रोजगार सहायिका पनमेश्वरी राजवाड़े द्वारा मनरेगा के तहत कई ग्रामीणों के नाम से कुएं का निर्माण कराया गया है। ग्रामीण हितग्राही अपने पैसे से इंर्ट, बालू, गिट्टी और सीमेंट लगाए हैं। कुआं तैयार हुए लगभग सात वर्ष बीत चुके हैं, बावजूद आज तक रोजगार सहायिका के द्वारा ग्रामीण हितग्राहियों के खाते में पैसा जमा नहीं कराया गया है। इससे परेशान होकर दर्जनों की संख्या में ग्रामीण हितग्राही सोमवार को जनदर्शन में आकर कलेक्टर से इसकी लिखित शिकायत किए हैं और मांग की गई है कि कुएं में लगे सामग्री की राशि का जल्द से जल्द भुगतान कराया जाए, साथ ही निष्क्रिय हो चुकी रोजगार सहायिका पनमेश्वरी राजवाड़े को ग्राम पंचायत से हटाने की मांग की गई है। अब देखने वाली बात होगी कि ग्रामीणों के द्वारा जनदर्शन में लिखित शिकायत देने के बाद अधिकारी ग्रामीणों के कुएं में लगे रकम का कब तक भुगतान करा पाते हंै। इधर जनपद पंचायत के सीईओ आरएस सेंगर ने ग्रामीणों के द्वारा कलेक्टर के जनदर्शन में की गई शिकायत पर जांच, कार्रवाई करने की बात कही है।

Categorized in: