बिश्रामपुर। मवेशी चराकर वापस घर लौटने के दौरान करंट की चपेट में आकर युवक की मौत पर शव को बिना पूछे पीएम हेतु ले जाने से नाराज ग्रामीणों ने वाहन को रोककर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। अधिकारियों की काफी समझाइश उपरांत मामले को शांत कराया जा सका। गौरतलब है कि जयनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जमदेई राझापारा निवासी 38 वर्षीय बबल उर्फ भोंदल यादव पिता रति राम यादव बुधवार की शाम मवेशी चराकर घर लौटने के दौरान गांव के ही शैलेन्द्र साहू द्वारा अपने तरबूज खेत में सुरक्षा की दृष्टि से लगाए गए झटका मशीन की तार की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी। मामले उपरांत युवक का शव पूरी रात मौके पर ही पड़ा रहा, लेकिन आज अल सुबह जब जयनगर पुलिस शव को वहां से वाहन में लोडकर पीएम हेतु सीएचसी बिश्रामपुर ले जाने लगी, तब मृतक के परिजन व ग्रामीणों द्वारा बिना पूछे शव को उठाकर ले जाने का विरोध करते हुए शव लोड वाहन को रोककर अपना विरोध दर्ज कराने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि शैलेन्द्र साहू द्वारा जो झटका मशीन लगाया गया था, उसमें फेस टू फेस एलटी लाइन को जोड़कर रखने की वजह से उक्त घटना घटित हुई है। इस वजह से मृतक के परिजन को पचास लाख रुपए व जमीन दिलाए जाने की मांग की गई। साथ ही मांग पूरा नहीं होने पर शव को नहीं ले जाने दिए जाने की बात ग्रामीणों द्वारा कही जा रही थी। ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मानी नायब तहसीलदार प्रियंका रवि भी तत्काल मौके पर पहुंची और परिजन व ग्रामीणों को समझाइश दिया। इसी बीच शैलेन्द्र साहू के चाचा देवचन्द साहू द्वारा मृतक के परिजन को तत्कालिक सहायता राशि के रूप में एक लाख रुपए नगद दिया गया, तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हो सका। देवचन्द साहू ने लोगों से कहा कि शैलेन्द्र फिलहाल फरार है और जब पकड़ा जाएगा, तब उसके खिलाफ वैधानिक कानूनी कार्यवाही की जाएगी। मानी नायब तहसीलदार प्रियंका रवि द्वारा भी लोगों को समझाइश दी गई कि शासन के गाइड लाइन के अनुसार जो भी सहयोग होगा, उसे निश्चित रूप से उपलब्ध कराया जाएगा। तब जाकर मामला शांत हुआ और शव को पीएम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिश्रामपुर भेजा गया। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मृतक मूलतः ग्राम पंचायत पेंडरखी निवासी था, जिसे ग्राम पंचायत जमदेई में घर जमाई रखा गया था। मामले में पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र साहू पिता लोचन साहू के खिलाफ धारा 105 व विद्युत अधिनयम की धारा 135 के तहत जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

Categorized in: