बिश्रामपुर। साइबर ठगी की दुनिया में एक और बड़ा खुलासा हुआ है। बिश्रामपुर पुलिस ने एक और सक्रिय म्यूल अकाउंट गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर बैंक अकाउंट खुलवाकर ऑनलाइन ठगी की रकम को ठिकाने लगाने का काम कर रहे थे।सूचना साइबर पोर्टल के माध्यम से मिली थी, जिसके बाद एडिशनल एसपी संतोष महतो के निर्देशन में पुलिस की विशेष टीम ने कार्यवाही करते हुए दो युवकों 26 वर्षीय प्रीतम सिंह पिता शोभनाथ सिंह व 28 वर्षीय विकेश गिरी पिता स्व. अरुण गिरी दोनों आरोपी सिलफिली निवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर दिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा एक्सिस बैंक के एक खाते में 61581 रुपए की संदिग्ध ट्रांजैक्शन की गई थी। यह राशि ऑनलाइन ठगी से प्राप्त की गई थी। अब पुलिस इन खातों की पूरी बैंकिंग हिस्ट्री खंगाल रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इन खातों का संबंध किसी बड़े साइबर फ्रॉड नेटवर्क से तो नहीं है। दोनों आरोपियों द्वारा विभिन्न बैंकों में कई खाते खुलवाए गए हैं। पुलिस को संदेह है कि ये लोग केवल मुखौटा हैं और इनके पीछे कोई बड़ा मास्टरमाइंड काम कर रहा है। सभी खातों की जांच की जा रही है और जल्द ही इस साइबर रैकेट के अन्य सदस्यों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 413, 120 बी के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है। एडिशनल एसपी संतोष महतो ने बताया कि नागरिकों को सावधान रहने की जरूरत है। कभी भी लालच में आकर किसी और के लिए बैंक खाता न खोलें, यह अपराध की श्रेणी में आता है और कड़ी सजा का प्रावधान है।

Categorized in: