घायल युवकों को प्राथमिक चिकित्सा के बाद रायपुर रिफर किया गया

अंबिकापुर। शहर के खरसिया चौक में बेकाबू कार अनियंत्रित होकर हाईमास्ट लाइट के चबूतरे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं कार में सवार एक युवती की मौेके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। दो युवक घायल हो गए, इन्हें प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर स्थिति देखते हुए बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को अलसुबह करीब 2.30 बजे कार सवार दो युवक और एक युवती अग्रसेन चौक से खरसिया चौक की ओर जा रहे थे। खरसिया चौक में कार सवार पहुंचे और चौराहे में बीचोंबीच लगे हाईमास्ट लाइट के चबूतरे से कार की जबरदस्त टक्कर हो गई, जिसमें कार का सामने का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार पुराने मॉडल की थी, जिसमें एयर बैग नहीं था, जिस कारण दुर्घटना से बचाव की गुंजाइश नहीं थी। हादसे में कार की अगली सीट में सवार युवती और युवक सहित पीछे बैठे एक युवक को काफी चोटें आई थी, और सभी खून से लथपथ थे। युवती की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि 19 वर्षीय युवती अंबिकापुर के महामाया मंदिर के पास की रहने वाली थी। वहीं घायल युवक अलिसर अंसारी पिता रफेल अंसारी कांतिप्रकाशपुर का और सागर बेहरा बौरीपारा का रहने वाला है। कार सवार अलसुबह कहां जाने के लिए निकले थे, इसका पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और कार में फंसे सवारों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकलवाकर एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज अस्पताल रवाना किया। आपातकालीन चिकित्सा परिसर में युवती को जांच के बाद चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दोनों युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रायपुर के लिए रेफर कर दिया था। पुलिस मामले में अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।  

Categorized in: