गिरजा ठाकुर
अंबिकापुर। चोरी और लूट के मामले में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई कर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा है। कोतवाली पुलिस ने महिला आरोपितों के कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद किया है। आरोपित महिलाएं रेकी कर ऐसी घटनाओं को अंजाम देने में माहिर बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक एक महिला ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह भागवत कथा सुनने गई थी। कथा सुनने के बाद प्रसाद हेतु बने स्टॉल में लाइन लगाते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात लोगों ने गले में पहने सोने का मोटा चैन वजन करीब 23.80 ग्राम पीछे से खींचकर चोरी कर लिया। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अजय यादव के मार्गदर्शन व पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में चोरी के मामलों में अभियान चलाकर त्वरित कार्रवाई करने के दिशा-निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक ने थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक रुपेश नारंग को टीम गठित कर आरोपितों की निगरानी के लिए निर्देशित किया गया था। घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर थाना पेट्रोलिंग पार्टी व महिला बल वारदात में शामिल आरोपितों का पता-तलाश कर रही थी। इसी दौरान कुछ संदिग्ध महिलाएं पुलिस के हाथ लगीं। कंपनी बाजार में डेरा जमाए मीना शेण्डे तथा निगिता पात्रे निवासी नागपुर महाराष्ट्र से पूछताछ में भीड़ का फायदा उठाकर महिला के गले से सोने का चैन चोरी करना स्वीकार किया। हालांकि पुलिस को महिलाओं के पास से चैन बरामद करने में सफलता नहीं मिल पाई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुपेश नारंग के साथ उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, सुरजन पोर्ते, आरक्षक जयदीप सिंह, रूपेश महंत, इदरीश खान शामिल रहे।
पुलिस पार्टी के पहुंचने पर फेंका चैन
पुलिस गिरफ्त में आई महिलाओं ने पुलिस को बताया कि महिला के गले से चोरी की गई चैन को मौके पर पुलिस पार्टी को देख पकड़े जाने के डर से उन्होंने फेंक दिया था। महिलाओं के द्वारा इसकी जानकारी देने पर पुलिस ने पुन: चोरी गए सोने के चेन को मौके पर खोजने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
महिला से बैग लूट में भी शामिल
कोतवाली थाना क्षेत्र के गुदरी बाजार में एक महिला से जबरन उसका बैग लूटकर ले जाने के मामले में भी इन महिलाओं ने शामिल होना स्वीकारा है। बैग में 18 हजार रुपये एवं अन्य सामान थे। महिला आरोपितों के कब्जे से पुलिस ने 10 हजार रुपये नगद बरामद किया है। दोनों आरोपितों के द्वारा घटना कारित करना स्वीकार करने पर इन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

Categorized in: