पुलिस की जांच के बाद प्रभाव और पहुंच नहीं आया काम  

बलरामपुर। जिले में लंबे समय से चर्चित पटवारी संजय सोनी आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ  ही गया। थाना सनावल में दर्ज अपराध के विवेचना में अवैध धान कारोबार के एक संगठित नेटवर्क को पुलिस ने बेनकाब कर दिया है। पुलिस जांच में पूर्व में गिरफ्तार आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता और उसके भाई शिवम गुप्ता से जुड़े मोबाइल साक्ष्यों की पड़ताल के दौरान पटवारी संजय सोनी एवं राजेश कुमार की संलिप्तता उजागर हुई। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, पटवारी संजय सोनी ने स्वीकार किया कि उत्तर प्रदेश से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ की  समितियों में  अलग-अलग किसानों के खातों में बिक्री कर आर्थिक लाभ कमाया जा रहा था।

इस पूरे षड्यंत्र में सरकारी तंत्र के जिम्मेदार पद पर बैठे पटवारी की भूमिका ने न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि किसानों के भरोसे पर पानी फेर दिया है। इसके बाद चर्चा इस बात की हो रही है कि यह तो केवल धान के सीजन का घोटाला है, जिस क्षेत्र में पदस्थ होगा वहां न जाने कितनी जमीनों के दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ करके अपने लोगों को पैसे के लालच में फायदा पहुंचाया होगा। ग्रामीणों ने कहा कि पटवारी के संपत्तियों की भी जांच होनी चाहिए। जिले में प्रभाव और पहुंच के कारण अक्सर सुर्खियों में रहने वाले पटवारी संजय सोनी पिता नीलम सोनी 32 वर्ष, निवासी सनावल एवं आरोपी राजेश कुमार पिता जलदेव प्रसाद गुप्ता 39 वर्ष, निवासी तालकेश्वरपुर को विधिवत गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

भारी मात्रा में दस्तावेज हुआ था जप्त
श्याम सुन्दर गुप्ता के घर में तलाशी करने पर चेक 62 नग, किसान किताब भाग-एक 46 नग, भाग- दो 59 नग, वन अधिकार पुस्तिका 02 नग, केसीसी पास बुक 19 नग, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक का पास बुक 161 नग, बड़ा डायरी 13 नग, पॉकेट डायरी 08 नग, कटा हआ चेक 22 नग, डेली अटेंडेंस (बिना भरे हुए) जिला सहकारी बैक का रजिस्टर 02 नग, विड्रॉल फार्म भरा हुआ 261 नग, सामान्य हिसाब-किताब एवं बिल पर्ची 550 नग, विड्रॉल फार्म कोरा (बिना भरे हुए) 01 बण्डल, बैक का जमा पर्ची एवं टोकन पर्ची 150 नग, धान खरीदी केन्द्र का तौल पर्ची 100 नग, बंधू सरूता का एसबीआई का बैंक पास बुक एवं आधार कार्ड की फोटो कॉपी तथा 02 नग फोटो, रतू कुमार पण्डो ग्राम कुर्लूडीह का 02 नग फोटो प्राप्त हुआ। तलाशी के दौरान नकद राशि 1 लाख 67 हजार 100 रुपये प्राप्त हुआ है, जिसे श्याम सुन्दर गुप्ता के छोटे भाई शिवम कुमार के बिजनेस का राशि होना बताया था। इन सभी को पुलिस ने जप्त कर लिया था। 

Categorized in: