बिश्रामपुर। दो साथियों के मार्निंग वॉक पर निकलने उपरांत रहस्यमय ढंग से गायब होने से क्षेत्र में भय का माहौल निर्मित हो गया है। बच्चों के परिजन द्वारा मामले की शिकायत थाना में दर्ज कराकर बालकों की तलाश शुरू कर दी है। बिश्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 15 माइनस झुग्गी बस्ती स्वामी विवेकानंद स्कूल के समीप निवासरत नरेश गुप्ता का पुत्र 15 वर्षीय रोहित गुप्ता सोमवार की तड़के करीब साढ़े चार बजे प्रतिदिन की भांति माइनस कालोनी क्वार्टर नंबर 304 निवासी फर्नीचर मिस्त्री संतोष राणा के 14 वर्षीय पुत्र सौरभ राणा के साथ घर से स्टेडियम जाने की बात कहकर निकला था। घंटों बाद भी जब दोनों साथी वापस घर नहीं लौटे तब परिजन द्वारा उन दोनों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि दोनों साथी स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल इंग्लिश मीडियम में एक साथ कक्षा आठवीं की पढ़ाई करते हैं। दोनों साथी के अचानक रहस्यमय ढंग से गायब होने की सूचना पर नगर में भय व्याप्त हो गया है। दोनों बच्चों के परिजन का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। दोनों बच्चों के परिजन का कहना है कि अपने सभी परिचित व रिश्तेदारों के अलावे क्वारी व अन्य संदिग्ध स्थानों पर तलाशी कर ली गई लेकिन देर शाम तक दोनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है। मामले में किसी अनहोनी को लेकर परिजन काफी चिंतित हैं। परिजन का कहना है कि दोनों साथी हमेशा एक साथ ही रहते थे और दोनों में काफी प्रेम भी था। अचानक रहस्यमय ढंग से गायब होने से चिंता की लकीरें परिजन के माथे पर झलकने लगी हैं। परिजन की सूचना पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज करके दोनों बच्चों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। 

Categorized in: