पुलिस ने ज्वेलरी दुकान से ले गए सोने का हार व घटना में प्रयुक्त कार बरामद किया

अंबिकापुर। ज्वेलरी दुकान से सोने का हार ठगी करने के मामले में थाना कोतवाली एवं विशेष पुलिस टीम ने भोजपुर बिहार से 03 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने के हार व घटना में प्रयुक्त कार पुलिस ने जप्त किया है।
पंचदेव मंदिर के पास मायापुर में रहने वाले राज सोनी ने 26 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वह सदर रोड अंबिकापुर में जगदम्बा आभूषण भंडार का संचालन करता है। 20 जून को दो व्यक्ति उसके दुकान में आए और एक सोने का हार पसंद किए, जिसका वजन 17.860 ग्राम था। इनमें से एक व्यक्ति अपने गले में पहने हुए हार को निकाला, जो देखने में सोने का प्रतीत हो रहा था, इसका वजन 22.400 ग्राम था। हार में सोने का परत चढ़े रहने व हॉलमार्क रहने से ज्वेलरी दुकान के संचालक को संदेह नहीं हुआ और सोने का हार समझकर अपने दुकान से दूसरा सोने का हार इन्हें दे दिया, जिसकी कीमत एक लाख 46 हजार 63 रुपये थी। दुकान से सोने का हार देने के बाद वह इन्हें अतिरिक्त 2897 रुपये भी दिया था। बाद में दुकान संचालक ने चैन के कुछ कड़ी को गलवाया तो पता चला कि राजेश नामक व्यक्ति व उसके साथी सोने का परत लगा चैन देकर सोने का हार ठगी करके ले गए हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 419, 420, 34 भादवि कायम कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आभूषण दुकान एवं आसपास के सीसीटीवी का फुटेज प्राप्त करके आरोपियों के गिरफ्तारी हेतु भोजपुर बिहार रवाना हुई। सबसे पहले पुलिस टीम ने आरोपी राजेश कुमार गुप्ता 32 वर्ष निवासी सोनकी वार्ड नंबर 12, थाना शाहपुर जिला भोजपुर बिहार को हिरासत में लिया और घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने अपने साथी प्रदीप कुमार गुप्ता तथा अभिलेश सिंह के साथ प्रदीप गुप्ता के कार क्रमांक बीआर 01 एचएल 7480 में अंबिकापुर आकर जगदम्बा आभूषण भंडार से सोने के हार खरीदने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस टीम ने अन्य आरोपियों प्रदीप कुमार गुप्ता 36 वर्ष निवासी मनाही रोड थाना शाहपुर व अभिलेश सिंह 36 वर्ष निवासी शाहपुर थाना रोड, जिला भोजपुर बिहार को घेराबंदी करके पकड़ा। इनके निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार और सोने का हार बरामद किया। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, मनोज सिंह व अनिल पाण्डेय, स्पेशल टीम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक विवेक पाण्डेय, आरक्षक मनीष सिंह, सत्येंद्र दुबे, संजीव चौबे, अनिल राजवाड़े, लालभुवन सिंह, शिव राजवाड़े शामिल रहे।

Categorized in: