सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय खोलकर ग्रामीणों को बना रहे थे शिकार

अंबिकापुर। ग्रामीणों को बोरवेल खनन, जैविक खेती एवं कृषि कार्य में आर्थिक लाभ दिलाने के नाम पर पंजीयन शुल्क लेकर ठगी करने के मामले में थाना गांधीनगर पुलिस टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रकरण में शामिल एक आरोपिया फरार है, जिसके तलाश में पुलिस लगी है। आरोपियों के द्वारा भोले-भाले ग्रामीणों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। इनके कब्जे से सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित दस्तावेज एवं 02 मोबाइल पुलिस ने जब्त किया है।

बलरामपुर जिला के बुकापारा मेन रोड अमगांव निवासी गोड़े पैकरा पिता धनी पैकरा 49 वर्ष ने बीते 28 अक्टूबर 2023 को थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2021 में उसके गांव में सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एजेंट आए थे, जो कंपनी संचालिका का नाम लता खूटे बताकर कंपनी में रजिस्ट्रेशन करा बोर खनन, मुर्गी पालन, पशु पालन व जैविक खेती हेतु आर्थिक सहयोग का लाभ लेने का झांसा दिए। कृषि उत्पादन हेतु कंपनी में रुपये जमा करने पर मुनाफा से 80 प्रतिशत कृषकों को देने की बात कही गई। इसके बाद गोड़े पैकरा अपने साथी छबीनाथ पैकरा के साथ सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी गंगापुर जाकर लता खूंटे से मिला। महिला ने कई प्रकार की जानकारी देकर कंपनी में रुपये जमा करने पर होने वाले लाभ का झांसा दिया। इसके बाद प्रार्थी एवं साथी छबीनाथ पैंकरा ने ढाई-ढाई लाख रुपये, कुल पांच लाख रुपये लता खूंटे को दे दिया। इसके एवज में इन्हें स्टांप पेपर पर लिखकर दिया गया। इनके अलावा एक परिचित रामदयाल उईके भी कंपनी में 50 हजार रुपये नगद जमा कर दिया था।

लता खूंटे ने बताया कि जमा राशि से उन्हें लोन की सुविधा भी दी जाएगी। रुपये मिले के बाद लोन या अन्य कृषि संबंधी सहायता हेतु जब वे उसके कार्यालय जाते तो वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देती थी। इसी बीच रामदयाल उईके को रुपये की आवश्यकता पड़ने पर 14.10.22 को कंपनी के कार्यालय गया और दिए गए रकम को वापस मांगा, तो लता खूंटे ने उसे 50 हजार रुपये का चेक दिया, जो बाउंस हो गया। इसके गोड़े पैकरा व उसका साथी छबीनाथ पैंकरा भी दिए गए रुपये को वापस मांगे, तो वह लगातार बहाना बनाती रही। वर्ष 2023 में लता खूंटे दोनों को चेक दी, जो बाउंस हो गया। इसके बाद वे महिला के कंपनी कार्यालय का कई बार चक्कर काटते रह गए। इन्हें रुपये के नाम पर कोई न कोई बहाना सुनने को मिलता था और वे वापस आ जाते थे। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 420, 34 भादवि का अपराध एवं अन्य 02 प्रकरणों मे प्रार्थियों के रिपोर्ट पर पृथक-पृथक धारा 420, 34 भादवि का केस दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड के संचालकों में राजाराम जगत, जिसु तिर्की एवं लता खूंटे संयुक्त रूप से पार्टनर हैं। फरार आरोपियों में राजाराम जगत पिता हरि प्रसाद जगत 45 साल निवासी गोर्गी जजावल थाना चन्दौरा जिला सूरजपुर व जीसू तिर्की पिता सुखलाल तिर्की 32 साल निवासी बोदा बिलासपुर, थाना बतौली को पुलिस टीम ने तकनीक जानकारी हासिल करके घेराबंदी करके पकड़ा। आरोपिया लता खूंटे फरार है। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, आरक्षक मनीष सिंह, पवन यादव, अरविन्द उपाध्याय, ऋषभ सिंह, केशर सिंह शामिल रहे।

Categorized in: