पुलिस ने चोरी का सामान बरामद करके जेल भेजा
अंबिकापुर। सुभाषनगर स्थित किराए के मकानों में रहकर कोचिंग कर रही छात्राओं के यहां चोरी के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने चंद घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी का सामान बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। चोरों की करतूत सीसीटीव्ही में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक दीपमाला तिर्की पिता स्व. इनुसेंट तिर्की 20 वर्ष निवासी ग्राम बेहरापारा थाना धर्मजयगढ़, जिला रायगढ़, वर्तमान निवास सुभाषनगर ने पुलिस को बताया था कि 27 अक्टूबर को वह अपने घर धरमजयगढ़ गई थी। 05 नवम्बर को शाम 06 बजे अपने किराए के रूम में पहुंची तो ताला टूटा था। अंदर का पूरा सामान बिखरा था। गैस सिलिंडर, सिलाई मशीन, गुल्लक, आर्टिफिशियल ज्वेलरी नहीं था। एक अन्य मामले में दीक्षा कोचिंग सेंटर में कोचिंग कर रही अनुकम्पा एक्का 30 वर्ष, निवासी ग्राम मोहनपुर दरिमा के सुभाष नगर न्यू दिलीप कॉलोनी अंबिकापुर में स्थित किराए के कमरे से गैस सिलिंडर, 01 सोने का लाकेट, 02 हैण्ड बैग, 01 नेक बैण्ड, 01 कांस का थाली, 01 ट्राली बैग सहित 15 नग साड़ी, 05 किलो चावल चोरी होने की जानकारी पुलिस को दी थी। युवती ने पुलिस को बताया है कि 5 नवम्बर को वह अपने कमरे को बंद करके कोचिंग करने गई थी। शाम होने के कारण अपनी सहेली के यहां रूक गई, सुबह लौटी तो रूम का ताला टूटा था और पूरा समान अस्त-व्यस्त था। कमरे में रखा पूरा सामान गायब था। दोनों घटनाओं में चोरों ने लगभग 40 हजार रुपये का सामान चोरी किया था। सिम्पी गर्ल्स हॉस्टल का सीसीटीव्ही फुटेज देखने पर पता चला कि अज्ञात व्यक्तियों ने चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। विवेचना में लगी पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण करके आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन की और संदेही रमेश सिदार 18 वर्ष निवासी सुभाषनगर व अक्षय पटेल 20 वर्ष निवासी सिलसिला चौकी रघुनाथपुर, हाल मुकाम गांधीनगर सब्जी बाजार के पास को गिरफ्त में लिया। पूछताछ में इन्होंने दोनों किराए के मकान मे घुसकर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों के निशानदेही पर 02 नग गैस सिलिंडर, सिलाई मशीन 01 नग एवं घरेलू सामान व 01 ट्रॉली बैग कपड़े सहित बरामद करने में पुलिस सफल हुई है। आरोपियों को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक दिलसाय कुजूर, आरक्षक उमाशंकर साहू, देवेंद्र पाठक, अजय मिश्रा, ऋषभ सिंह शामिल रहे।

Categorized in: