महिला का मोबाइल हैक करके वारदात को दिया था अंजाम  

अंबिकापुर। कुरियर पहुंचाने के नाम पर महिला को झांसे में लेकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के अंदर दो अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला से एक नंबर पर कॉल करवाकर एमएमआइ नंबर जनरेट करा मोबाइल हैक कर लिए थे और सगे संबंधियों से एक लाख 25 हजार रुपये की ठगी की घटना को अंजाम दिए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक विजय मार्ग निवासी दीक्षा अग्रवाल ने बीते 14 मई को कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि 13 मई को उनकी बड़ी बहन को अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके कुरियर पहुंचाने की बात कहते हुए झांसे में लिया और एक विशिष्ट नंबर Ó21Ó9835628063 पर कॉल करने का आग्रह किया। नंबर डायल करने पर एमएमआइ कोड जनरेट होने का नोटिफिकेशन मिला, इधर अज्ञात लोगों ने महिला के मोबाइल नंबर हैक कर लिया था। इसके बाद ठगों के द्वारा महिला के व्हाट्सएप, मोबाइल ऐप का उपयोग कर उनके सगे संबंधियों तक मैसेज के माध्यम से महिला का पहचान बताकर पैसे भेजने के लिए कहा। आरोपियों ने कई अलग-अलग नंबरों एवं बार कोड पर पैसों की मांग करके सगे संबंधियों से एक लाख 25 हजार रुपये की ठगी भी कर ली थी। रिपोर्ट पर कोतवाली थाना में धारा 420, 34 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने घटनाक्रम में शामिल आरोपियों के संबंध में साइबर सेल से आवश्यक तकनीकि जानकारी प्राप्त की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जमशेदपुर झारखण्ड गई थी। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके गणेश महाकुड 23 वर्ष निवासी सान्को साईं रोड क्रमांक-04 मान्गो पूर्वी सिंहभूमि व कसफ अली 21 वर्ष निवासी मान्गो आजादनगर करली रोड क्रमांक-06 पूर्वी सिंहभूमि टाटानगर जमशेदपुर झारखण्ड को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने मोबाइल हैक करके ठगी करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक कृष्ण कुमार यादव, आरक्षक दीनदयाल सिंह, अनुज जायसवाल, सत्येंद्र दुबे शामिल रहे।

पुलिस ने किया सावधान, अनजान मोबाइल नंबर/लिंक से रहें दूर
सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से अनजान मोबाइल नंबर के धारकों द्वारा प्रदान किए जाने वाले नंबर पर बिना जांचे परखे संपर्क नहीं करने और किसी प्रकार के लिंक को ओपन नहीं करने का आग्रह किया है। पुलिस ने अधिकृत वेबसाइट में प्रदत्त नंबर एवं मेल का ही प्रयोग करने कहा है। साथ ही किसी भी परिचित व्यक्ति से मोबाइल के जरिए आर्थिक लेन-देन करने के पूर्व स्वयं मोबाइल के जरिए सगे संबंधियों से बात करके उनकी पहचान, पुष्टि कर लेने के पश्चात ही लेन-देन करने का आग्रह किया है, ताकि वे किसी प्रकार की ठगी का शिकार होने से बच सकें।

Categorized in: