पुलिस ने पूर्व में आरके ट्रेडिंग कंपनी के मुख्य कर्ताधर्ता को भेजा था जेल  

अंबिकापुर। आधे रकम में वाहन फाइनेंस कराने के नाम पर धोखाधड़ी कर गबन करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने तीन एजेंटों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लाखों, करोड़ों की धोखाधड़ी की है। आरोपी एजेंट वाहन की मूल कीमत से आधी रकम में नई वाहन फाइनेंस कराकर देने का झांसा देते थे। फाइनेंस की रकम ड्रीम आरके ट्रेडिंग प्रा.लि. के द्वारा भुगतान करना बताया जाता था। पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के मुताबिक इन्द्रानगर फोकटपारा, थाना गांधीनगर क्षेत्र की अनिमा बड़ा ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि कुसमी चिरपैनपारा निवासी मो. कलाम एवं अन्य के द्वारा खैरबार अंबिकापुर में ड्रीम आरके ट्रेडिंग सर्विस प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी खोला गया था। इनके द्वारा ग्राहकों से वाहन के मूल्य का आधा रकम लेकर फायनेंस कराया जाता था। शेष रकम का भुगतान मो. कलाम एवं अन्य संचालकों के द्वारा ट्रेडिंग कर भुगतान किया जाता था। इनके झांसे में आकर वह ड्रीम आरके ट्रेडिंग सर्विस प्रालि कंपनी से पिकअप वाहन फाइनेंस कराई थी, जिसका कीमत नौ लाख 75 हजार रुपये था। उक्त वाहन का फायनेंस कराते समय वह दो लाख 50 हजार रुपये नगद कंपनी में व दो लाख 85 हजार रुपये मो. कलाम व अन्य संचालकों को दी थी। रकम देने के बाद कंपनी के संचालक व अन्य ने पिकअप वाहन का किस्त भुगतान नहीं करने कहा था। इन्होंने बताया था कि किस्त का भुगतान कंपनी ड्रीम आरके ट्रेडिंग के माध्यम से करेगी। इसके साथ महिला को चेक भी प्रदाय किया गया था। कंपनी के संचालकों द्वारा करीब डेढ़ साल तक वाहन के किस्त का भुगतान किया गया, बाद में वे किस्त का भुगतान करना बंद कर दिए। महिला ने पुलिस को वाहन किस्त भुगतान करने के नाम पर करीब दो लाख रुपये की ठगी करने की जानकारी दी थी, जिस पर पुलिस ने थाना कोतवाली में धारा 420, 34 भादवि का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था। पुलिस ने पूर्व में मुख्य आरोपी मो. कलाम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा था। वाहन फाइनेंस का काम एजेंटों के माध्यम से ग्राहकों को लुभावने स्कीम बताकर किया गया था, इसलिए पुलिस को एजेंटों के तलाश में लगी थी। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, अमित प्रताप सिंह, आरक्षक उपेंद्र सिंह, शिव राजवाड़े, शिवमंगल सिंह, रिंकू गुप्ता, रमन मण्डल शामिल रहे।

प्रति ग्राहक मिलता था 10 हजार कमीशन
विवेचना में लगी पुलिस टीम ने घेराबंदी करके विनोद कुमार खलखो 37 वर्ष निवासी बांसाझाल बिलासपुर थाना बतौली, हाल-मुकाम फुंदुरडिहारी बिचपारा गांधीनगर, सागर 39 वर्ष व मनोज मोहन खलखो 35 वर्ष, दोनों निवासी खैरबार अंबिकापुर को पकड़ा। आरोपियों ने पूछताछ करने पर प्रति ग्राहक 10 हजार रुपये कमीशन के लालच में आकर ग्रामीणों को फाइनेंस स्कीम बताना स्वीकार किया।

Categorized in: