दुकान में काम करने वाले आरोपियों ने औने-पौने दाम में खपा दिया चोरी का सामान

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना पुलिस ने हार्डवेयर दुकान से कीमती सामान चोरी करने के मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक सहित दो आरोपियों और पांच क्रेताओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुकान से चोरी किया गया लगभग एक लाख रुपये का सामान बरामद करने में सफलता प्राप्त की है। चोरी की वारदात को दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों ने ही अंजाम दिया था। दुकान के सामान का स्टाक मिलान करने व पेंट का खाली कार्टून झाड़ियों में मिलने पर दुकान संचालक को संदेह हुआ। दुकान बंद होने के बाद भी आसपास मंडराने वाले कर्मचारियों ने पूछताछ में उन्होंने दुकान से सामान चोरी करना स्वीकार किया था। दुकान संचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी थी।

जानकारी के मुताबिक बनारस चौक जवाहर मार्केट निवासी रामनिवास अग्रवाल पिता स्व. ओमप्रकाश अग्रवाल 68 वर्ष का बनारस चैक में ओम टे्रडर्स नामक ग्लास एवं हार्डवेयर का दुकान है। दुकान में संदीप एक्का लगभग तीन वर्ष से और विधि से संघर्षरत बालक लगभग चार माह से काम कर रहे थे। दुकान संचालक को कुछ दिनों से स्टाक के अनुरूप सामान कम होने का संदेह हो रहा था। 21 जून को जब उन्होंने बारीकी से पूरे स्टॉक का मिलान किया तो एल्युमीनियम का 6 बंडल जाली, एसियन इम्लसन पेंट 29 लीटर, एशियन इनामेल पेन्ट 12 लीटर, एशियन डिस्टेम्पर 5 किलो, स्क्रू का 12 डिब्बा सहित अन्य सामान कम होना पाया गया, इसकी कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई थी। दुकान संचालक ने जब अपने कर्मचारियों पर नजर रखना शुरू किया, तो इनकी गतिविधि संदिग्ध नजर आई। संदीप एक्का व विधि से संघर्षरत बालक दुकान बंद होने के बाद भी वहीं आसपास मंडराते रहते थे और पूछताछ करने पर गोल-मोल जवाब देकर निकल लेते थे। इसी बीच दुकान से सटे खाली प्लाट की झाड़ियों के बीच दुकान के कुछ सामानों का खाली कार्टून मिलने पर जब उन्होंने अपने कर्मचारियों से पूछताछ किया तो इन्होंने दुकान से सामान चोरी करके कुछ सामान बेच देने और कुछ  सामान अपने पास रखने की जानकारी दी। इन्होंने पास रखे सामानों को वापस करने कहा था लेकिन नहीं लौटाए थे। अंतत: दुकान संचालक ने गांधीनगर थाना पहुंच कर घटना की जानकारी दी थी, जिस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरूद्ध धारा 34, 381 का मामला दर्ज किया था। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक विनय सिंह, प्रधान आरक्षक विपिन तिवारी, आरक्षक उमाशंकर साहू, अनिल सिंह, घनश्याम देवांगन, सतीश शामिल रहे।

चोरी के सामान को औने-पौने दाम में बेचा
जांच के दौरान पुलिस टीम जब विधि से संघर्षरत बालक एवं अन्य आरोपी संदीप एक्का निवासी मानिक प्रकाशपुर को पकड़कर पूछताछ की तो इन्होंने दुकान से चोरी करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालक से चोरी किए गए सामान के संबंध में पूछताछ करने पर रमेश अग्रवाल को 29 लीटर एशियन इम्लसन पेंट, एशियन इनामेल पेन्ट 12 लीटर एवं 01 बंडल एल्युमीनियम जाली को एक हजार रुपये में बेचने की जानकारी दी। इसके अलावा नाजीर आलम को 07 डब्बा कब्जा 500 रुपये में, ऋषभ गुप्ता को 02 बंडल एल्युमीनियम जाली 3000 रुपये में एवं आकाश गुप्ता को फिनोलेक्स वायर का खुला बंडल 1200 रुपये में बेचना बताया। सामान बेचने से प्राप्त रकम को उसने खाने-पीने में खर्च कर देने, वहीं आरोपी संदीप एक्का ने पूछताछ में 02 बंडल एल्युमीनियम जाली को पप्पू शर्मा निवासी नालापारा को 5800 रुपये में बेचने एवं 01 बंडल जाली को स्वयं के उपयोग के लिए किराए के कमरे में रखने की जानकारी दी। जाली बेचने से प्राप्त रुपये को आरोपी द्वारा खर्च कर देना बताया गया।

विधि से संघर्षरत बालक एवं आरोपी संदीप एक्का के निशानदेही पर मामले में शामिल चोरी के सामानों के क्रेताओं को घेराबंदी करके पकड़ी पुलिस जब पूछताछ की, तो रमेश अग्रवाल 54 वर्ष निवासी बनारस चौक गांधीनगर, नाजीर आलम 28 वर्ष निवासी रसूलपुर बरेज तालाब, ऋषभ गुप्ता 30 वर्ष निवासी शिकारी रोड बौरीपारा, आकाश गुप्ता 28 वर्ष निवासी महाराजा गली, पप्पू शर्मा 30 वर्ष निवासी नालापारा ने चोरी का सामान विधि से संघर्षरत बालक एवं संदीप एक्का से खरीदना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 01 लाख रुपये का सामान पुलिस बरामद कर ली है। मामले में विधि से संघर्षरत बालक सहित अन्य 06 आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस सीआरपीसी की धारा 41(ए)(क) जा.फौ. के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की है।

Categorized in: