वन विभाग बढ़ाया चौकसी, ग्रामीण भी अपने स्तर पर कर रहे निगरानी

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के मैनपाट अंतर्गत पर्यटन स्थल मेहता प्वाइंट एवं टाइगर प्वांइट के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी से लोग दहशत में हैं। वन विभाग द्वारा हाथियों की निगरानी की जा रही है। रात को हाथियों के विचरण ने लोगों की नींद उड़ा दी है। हाथियों की मौजूदगी के कारण मैनपाट पहुंचने वाले लोग भी सहमे हुए हैं। वन विभाग ने लोगों को हाथियों से दूर रहने की सलाह दी है।

जानकारी के मुताबिक मैनपाट में दो हाथियों का दल पहुंचा है। पांच दिन पूर्व ये हाथी रायगढ़, जशपुर इलाकों से मैनपाट पहुुंचे हंै। हाल में मैनपाट के माटीघाट में 12 हाथियों के डटे रहने की खबर है। इस कारण सीतापुर-मैनपाट रोड में लगातार निगरानी की जा रही है और आने-जाने वाले लोगों को सतर्क किया जा रहा है। माटी घाट मैनपाट के प्रमुख पर्यटन स्थल टाइगर प्वाइंट से लगा है। ऐसे में टाइगर प्वाइंट की आरे जाने वालों को सतर्क किया जा रहा है। वहीं मेहता प्वाइंट भी वन विभाग की निगरानी में है, कारण यह स्थल टाइगर प्वाइंट से लगा है। हाथियों की मौजूदगी के कारण इन पर्यटन स्थलों के आसपास सैलानियों की संख्या कम हो गई है। वन विभाग की ओर से हाथियों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है, लोगों को लाउड माध्यमों से भी सतर्क किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि पर्यटन स्थल मेहता प्वाइंट के पास दो हाथी जमे हुए हैं, दोनों दंतैल हैं जो खतरनाक माने जाते हैं। आबादी क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी के कारण लोगों के बीच दहशत का माहौल हैं। हाथियों के रात को आबादी इलाके में घुसने की आशंका को देखते हुए निगरानी के लिए लोग रतजगा कर रहे हैं। वन अमले को हाथियों की निगरानी के लिए लगाया गया है। रिहायशी इलाकों में रात में हाथियों का प्रवेश न होने पाए, इस पर नजर रखी जा रही है। रास्ते में आने-जाने वालों को भी वन विभाग की टीम सतर्क करने में लगी है

Categorized in: