गुडफ्राइडे के दिन महागिरिजाघर में हुए विविध कार्यक्रम 

अंबिकापुर। मसीही समाज पवित्र सप्ताह गुडफ्राइडे के दिन यीशु को क्रुसित कर सूली पर चढ़ाये जाने के दिन को याद करके भक्ति आराधना में लीन हैं। इसी क्रम में गुडफ्राइडे के अवसर पर नवापारा स्थित महागिरिजाघर में परम्परागत ढंग से विविध धार्मिक अनुष्ठान हुए।

पवित्र शुक्रवार के दिन नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरिजाघर में बिशप अंतोनिस बड़ा व पल्ली पुरोहित फादर जार्ज ग्रे कुजूर की अगुवाई में समस्त धार्मिक अनुष्ठान प्रारंभ हुए। आज के दिन ही राजा पिलातयूस ने प्रभु यीशु को मृत्यु दण्ड की सजा सुनाकर यीशु के ही कंधे पर क्रूस लादकर उन्हें कलवारी पहाड़ ले जाने का आदेश दिया था, और उन्हें सूली पर चढ़ा दिया गया था। प्रभु यीशु ने जिस तरह दु:खभोग किया उन्ही पलों को याद कर दोपहर 2 बजे से क्रूस रास्ता कार्यक्रम शुरू हुआ। क्रूस रास्ता का संचालन गांधीनगर के नेतृत्व में पारा टोलों के लोगों ने किया। इसके पश्चात बिशप ने पवित्र शुक्रवार, विशेष धर्मविधि के अनुष्ठानों को सम्पन्न कराते हुए कहा कि आज का दिन यीशु के बलिदान का दिन है। वास्तव में क्रूस दोषी पापी को सजा नहीं क्षमा करने का संदेश देता है। क्रूस हमारे जीवन के असली प्रेम का भी प्रतीक है। चंद रुपयों के लेन-देन को लोग अहसान स्वरूप समझते हैं लेकिन यीशु ने तो अपना शरीर व रक्त भी हमें समर्पित कर हमारी मुक्ति के रास्ते खोल दिए। इस दौरान पवित्र बाइबिल से दो पाठ का वाचन संत अन्ना सिस्टर्स बिरनिबेड़ा के द्वारा किया गया। प्रभु येशु के दु:खभोग कथा का वाचन सेंट जेवियर फादर्स ने कर उन पलों का स्मरण किया। बीच-बीच मे भक्तिमय गीतों की मनमोहक प्रस्तुति संत अन्ना सिस्टर्स बिरनी बेड़ा की टीम, भक्तों के बीच माहौल को दु:खभोगमय बना रही थी। इस अवसर इस अवसर पर बड़ी संख्या में मसीहीजन उपस्थित थे।

Categorized in: