भाटापारा। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को आतंकवादी हमले में हिन्दु पर्यटकों की निर्मम हत्या के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी भाटापारा, जिला बलौदाबाजार के गैर सरकारी संगठन एवं सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों ने भारत माता चौक में भारत माता के प्रतिमा के समक्ष शोक सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की और अपने-अपने विचार अभिव्यक्त किए।
चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना भाटापारा की परियोजना प्रबंधक दशोदी सिंह, अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी दशोदा साहू, परामर्शदाता सुलोचना देवांगन, आउटरीच वर्कर बिन्देश्वरी टंडन, प्रियंका मेश्राम, अनिता लहरे एवं भाटापारा सिविल सोसायटी के प्रतिनिधि हाथों में जलती हुई मोमबत्तियां लेकर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित किए। शोक सभा को संबोधित करते हुए चिराग सोशल वेलफेयर सोसायटी द्वारा संचालित लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना परियोजना प्रबंधक दशोदी सिंह ने कहा आतंकवाद को खत्म करने के लिए भारत सरकार कड़े से कड़े कदम उठाए। इसके लिए सभी स्वैच्छिक संगठनों के लोग भारत सरकार के साथ हंै। हम लोग कश्मीर को जन्नत समझते हैं। पर्यटकों की निर्मम हत्या से हम सभी आहत हैं। अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी ने कहा वास्तव में धार्मिक मतभेद एवं नकारात्मक सोच के कारण इतनी बड़ी-बड़ी घटनाएं घटित हो रही हैं। धर्म को बचाने में सब लगे हैं, कोई भी धर्म आपसे में लड़ने की अनुमति नहीं देता। सुलोचना देवांगन ने शोक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहलगाम में घटित घटना से आहत जन समुदाय शांति और धैर्य के साथ इस तरह की आतंकवादी घटनाओं का सामना करें। आतंकवादियों द्वारा किया गया यह कृत्य मानवता को शर्मसार करने वाला है। भारत सदैव से विश्व बंधुत्व की भावना का पक्षधर रहा है। अन्य लोगों ने भी अपनेे विचार व्यक्त करते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Categorized in: