अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट स्थित बौद्ध मंदिर के दान पेटी से रुपये चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार की सुबह करीब 7 बजे की है। पर्यटक के रूप में आए युवक-युवती बौद्ध मंदिर में दर्शन करने पहुंचे और मौके का फायदा उठाकर दान पेटी से रुपये की चोरी कर ली। घटना सीसीटीव्ही में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर कमलेश्वरपुर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मैनपाट के रोपाखार में स्थित पुराने बौद्ध मंदिर में शनिवार की सुबह युवक और युवती दर्शन करने के बहाने पहुंचे थे और मौका देखकर मंदिर के दान पेटी में रखे रुपये सहित कुछ अन्य सामानों की चोरी करके चलते बने। घटना सुबह 7 से 8 बजे के बीच की है। बौद्ध मंदिर के पुजारी ने संदेह होने पर मंदिर परिसर में लगे सीसीटीव्ही कैमरों को देखा तो सारा माजरा सामने आ गया। सीसीटीव्ही में युवक और युवती दान पेटी से रुपये निकालते स्पष्ट नजर आ रहे हैं। मंदिर समिति ने मामले की रिपोर्ट कमलेश्वरपुर थाने में दर्ज कराई है, वहीं घटना को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं। कमलेश्वरपुर पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर रुपये चोरी करने वाले युवक-युवती के तलाश में लगी है।

Categorized in: