रिश्ते में भाई और दुकान में काम करने वाले युवक का एकाउंट खुलवाकर दिया आरोपी


अंबिकापुर। साइबर ठगी की घटनाओं में रकम लेन-देन व म्यूल एकाउंट खुलवाने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी द्वारा प्रार्थी एवं अन्य व्यक्ति का म्यूल एकाउंट खुलवाकर घटना में शामिल अन्य आरोपियों को सहयोग किया गया। म्यूल अकाउंट में 22 लाख से अधिक की रकम का ट्रांजेक्शन होना पाया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक प्रार्थी अंशु गुप्ता निवासी बाबूपारा अटल आवास, 26 जुलाई को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसके रिश्ते के भाई अनीस केशरी ने उसके खाता में प्रधानमंत्री आवास योजना का पैसा नहीं आने की बात कहा, जिस पर उसने अंश को अपने नाम पर बैंक खाता खुलवाकर देने के लिए कहा। झांसे में लेकर वह अंश को अपने नाम खाता खुलवाने के लिए राजी कर लिया। अनीस केसरी उसे अपने साथ महाराष्ट्र बैंक ले गया और उसके नाम से बैंक खाता खुलवाने के बाद पासबुक, एटीएम कार्ड, चेक बुक व खाता से लिंक किए गए मोबाइल सिम को अपने पास रख लिया। प्रार्थी रिश्ते में भाई अनीस केशरी से कई बार अपना बैंक खाता, दस्तावेज, सिम को कई बार मांगा, लेकिन वह इधर-उधर की बातें कहकर उसको घुमाते रहा। बाद में पता चला कि अनीस केशरी के द्वारा प्रार्थी के नाम पर खुलवाए गए बैंक खाता में अलग-अलग जगहों से रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। बैंक खाता में किसके द्वारा पैसा भेजा गया और कहां से आया है, इससे वह अनभिज्ञ था। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 318(4), 319(2) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने विवेचना में लिया, और पाया कि उपरोक्त खाता में लगभग 22 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ है। पुलिस टीम अनीश केशरी पिता प्रमोद कुमार केशरी 32 वर्ष, निवासी जोड़ा पीपल चर्च रोड केदारपुर से घटना के संबंध में पूछताछ की तो उसने प्रार्थी का बैंक खाता खुलवाकर पासबुक, एटीएम कार्ड व सीम को अन्य आरोपी को 2 हजार रुपये में देना बताया। साथ ही आरोपी ने अपने दुकान में काम करने वाला युवक का भी बैंक खाता खुलवाकर देने की जानकारी दी है। प्रकरण में आरोपी को गिरफ्तार करके पुलिस ने न्यायालय के समक्ष पेश किया है, और अन्य फरार आरोपियों के तलाश में जुट गई है। कार्रवाई में थाना कोतवाली से उप निरीक्षक सम्पत पोटाई, सहायक उप निरीक्षक विजय गुप्ता, साइबर सेल से सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक अनुज जायसवाल, रमेश राजवाड़े, सक्रिय रहे।

Categorized in: