अंबिकापुर। योग, शारीरिक अभ्यास के साथ प्रारंभ सांसद विधायक प्रशिक्षण वर्ग के तृतीय दिवस वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट एवं प्रावधान विषय पर और भाजपा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रांत संघ चालक अभय राम ने उपस्थित सांसद विधायकों का मार्गदर्शन किया। समापन कार्यक्रम में उपस्थित सांसद, विधायकों को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। प्रशिक्षण वर्ग पश्चात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह व उपमुख्यमंत्री अरुण साव पत्रकारों से रूबरू हुए।
पत्रकार वार्ता में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह ने कहा कि भाजपा सांसदों व विधायकों का सबसे महत्वपूर्ण तीन दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग मैनपाट में सम्पन्न हुआ है, जिसमें प्रदेश के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की सहभागिता रही। इस वर्ग में संगठन के विभिन्न विषयों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का उद्घाटन सत्र में समग्र रूप से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। इसी प्रकार विभिन्न विषयों पर इन तीन दिनों में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व नेताओं ने अपने उद्बोधन में प्रकाश डाला। उन्होंने कहा भाजपा में प्रशिक्षण वर्ग कार्ययोजना और कार्यक्रम का हिस्सा है और इस तरह के प्रशिक्षण वर्ग हमारे संगठन की प्रदेश से लेकर मंडल-बूथ इकाई तक होते हैं। भाजपा जिन विचारों को लेकर चलती है, उन्हें समाहित करते हुए विभिन्न विषयों को साथ लेकर कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्वों, विचारधारा, कर्तव्य बोध और भूमिकाओं से अवगत कराया जाता है। इनमें हमारे सांसद, विधायक भी शामिल होते हैं। उन्होंने कहा प्रशिक्षण वर्ग में हमारे शत-प्रतिशत सांसदों-विधायकों की भागीदारी रही। प्रशिक्षार्थी सांसदों-विधायकों को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने समापन सत्र में संबोधित किया। प्रशिक्षण वर्ग में कुल 12 सत्र हुए, जिनमें राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, वी. सतीश, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा का विभिन्न विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रशिक्षण वर्ग मील का पत्थर सिद्ध होगा-अरूण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रशिक्षण वर्ग हरेक दृष्टि सेे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक रहा है। यह वर्ग भाजपा की कार्यपद्धति का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। भाजपा एक परिवार है और सभी सांसदों व विधायकों ने एक साथ तीन दिन एक स्थान पर रहकर भाजपा की रीति-नीति की बारीकियों को समझा है। यह बताता है कि भाजपा में एक परिवार का भाव इसी तरह प्रगाढ़ होता है। तीन दिनों के प्रशिक्षण वर्ग से हमारी वह प्रतिबद्धता व्यक्त हुई है कि गरीब व कल्याण, केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ हरेक जरूरतमंद तक पहुंचे, विकसित छतीसगढ़ की अवधारणा धरातल पर साकार हो, विकसित भारत की रचना हो। यह प्रशिक्षण वर्ग इस दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होने वाला है। उन्होंने कहा छत्तीसगढ़ की जो ताकत है, जो क्षमता है, उसके माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण, यहां के जनजीवन में आमूल-चूल सकारात्मक परिवर्तन की दृष्टि से यह प्रशिक्षण वर्ग ऐतिहासिक रहा है।

Categorized in: