हवा में पेड़ से टपक रहे आम को बिन रहे थे बच्चे, गांव में शोक का माहौल

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के धौरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमकी के खुदीपारा में सोमवार की दोपहरी में आकाशीय बिजली गिरने से 5 वर्षीय मासूम सहित तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक कक्षा 9वीं की छात्रा और एक युवक भी शामिल हैं। मासूम बच्चे की बड़ी बहन गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर के लिये रेफर कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सोमवार को जिले में बादलों की गरज, और आकाशीय गर्जना दोपहर के समय से ही सुनने को मिल रही थी। इसी बीच अचानक मौसम का तेवर बदला और गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगीं। धौरपुर थाना क्षेत्र में हवा के तेज झोंकों से स्कूल मैदान में लगे आम के पेड़ से फल गिरने लगा। पेड़ से आम गिरते देखकर सागर 5 वर्ष, उसकी बड़ी बहन श्रद्धा 12 वर्ष और बलरामपुर जिले के ग्राम दुप्पी की रानी 14 वर्ष आम बिनने के लिये दौड़ लगा दिये। पास में ही रामसाय बरगाह 36 वर्ष मवेशी चरा रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली अजात शत्रु बनकर गिरी और चारों इसकी चपेट में आ गए। घटना में सागर, रानी और रामसाय की सांस मौके पर ही थम गई थी, जबकि श्रद्धा गंभीर रूप से झुलस गई थी। गांव के लोगों को जैसे ही बच्चों के आकाशीय बिजली की चपेट में आने का पता चला, मौके पर काफी लोग जमा हो गये। सभी को आनन-फानन में धौरपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां चिकित्सकों ने मासूम बच्चे, छात्रा और मवेशी चरा रहे ग्रामीण को मृत घोषित कर दिया। श्रद्धा को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया है,्र जहां उसका उपचार जारी है। घटना से गांव में शोक का माहौल है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

रिश्तेदार के घर घूमने आई थी छात्रा

बताया जा रहा है कि मृत कक्षा नवमीं की छात्रा रानी बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के ग्राम दुप्पी की रहने वाली थी, जो अपने रिश्तेदार के यहां घूमने के लिये आई थी। आम बिनने के बाद वे पेड़ के नीचे ही खड़े थे। इस बीच कौंधी आकाशीय बिजली ने सभी को चपेट में ले लिया और देखते ही देखते तीन लोग मौत के आगोश में समा गये।

Categorized in: