0 खेत मे मिला अधेड़ का शव, नमदगिरी की घटना
सूरजपुर। बीते तीन दिनों में जिला मुख्यालय के तीन कोनो से   तीन शव पाए जाने से सनसनी का माहौल है। शुक्रवार की सुबह जहां समीपस्थ ग्राम नमदगिरी में  गांव के करीब 65 वर्षीय ढोला राम राजवाड़े  का शव उसके खेत के समीप पाया गया है। घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में नमदगिरी के लोग मौके पर पहुंच गए ओर मामले की सुचना कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना पर बिना देर किए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक प्रक्रियाएं पूरी कर शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया। मौके पर फोरेंसिक टीम भी बुलाई गई थी। इधर ग्रामीणों का आरोप है कि  ढोला राम की हत्या रेत तस्करों के द्वारा की गई है। जिसका कारण बताते हुए ग्रामीणों ने कहा है कि बड़े पैमाने पर रेत तस्करों के द्वारा रेण नदी से प्रतिदिन रेत का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टरों व अन्य वाहनों से परिवहन किया जा रहा है। कार्रवाई के आभाव में रेत तस्करों के हौसले इतने बुलन्द है कि उन्होंने वाहनों की आवाजाही के लिए खेतो की मेढो को तोड़कर मार्ग बना लिया है। जिसमे मृतक का खेत भी शामिल है। जिसका वह विरोध करता था। शुक्रवार को भी वह अवैध रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टरों के अपने खेत से ले जाने का विरोध करने गया था। जहाँ उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले को  काफी गम्भीरता से लेते हुए तफ्तीश में जुटी हुई है। कोतवाली प्रभारी विमलश दुबे ने बताया कि पीएम पंचनामा सहित सभी बिंदुओं को मर्ग जांच में लिया गया है। कुछ लोगों से पूछताछ किया जा रहा है। मौत की स्पष्ट वजह पीएम रिपोर्ट में सामने आएगी।  वैसे प्रारम्भिक रिपोर्ट में अंदरूनी चोट नहीं पाई गई है। पुलिस के अनुसार पीएम रिपोर्ट में डॉक्टर के द्वारा  हृदय गति रूक जाने के कारण स्वभाविक मृत्यु होना लेख किया गया है। मर्ग की जांच की जा रही है। वहीं केतका जंगल मे तीन दिन पूर्व एक महिला का शव पाया गया था। जिसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। महिला के शव की स्थिति को देखते हुए यह अनुमान लगाया गया है कि वह मानसिक रूप से बीमार थी। इधर समीपस्थ ग्राम चंद्रपुर में भी एक युवक का शव दो दिन पूर्व पाया गया था। जो कोरिया जिले के ग्राम तेंदुआ का बताया गया है। उक्त युवक यहां मजदूरी का काम करने आता था। उसकी मौत की वजह गिरने के कारण आई चोट को बताया जा रहा है। 

Categorized in: