बिश्रामपुर। बिश्रामपुर-दतिमा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की सुबह दतिमा रेलवे क्रासिंग के पास एक दर्दनाक घटना ने न केवल एक निर्दोष वन्यजीव की जान ले ली बल्कि एक बार फिर वन विभाग की कार्यशैली को कटघरे में खड़ा कर दिया है। एक दुर्लभ और संकटग्रस्त प्रजाति का लकड़बग्घा सड़क किनारे मृत अवस्था में पाया गया है। उसकी मौत किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से होने की बात कही जा रही है।घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग पर नाराजगी जताई है। लोगों का कहना है कि यह इलाका वन क्षेत्र से सटा हुआ है और यहां वन्यजीवों की आवाजाही आम बात है। बावजूद इसके न तो कोई चेतावनी संकेत लगाए गए हैं और न ही वन विभाग या प्रशासन की ओर से इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कोई ठोस कदम उठाया गया है।ग्रामीणों का कहना है कि सूरजपुर वन मंडल क्षेत्र में पिछले कुछ महीनों में कई वन्यजीवों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मृत लकड़बग्घे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय वन्यजीव प्रेमी संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि केवल पशु-पक्षियों की मौत ही नहीं, बल्कि इन घटनाओं के जरिए मानव जीवन भी खतरे में पड़ता जा रहा है। यदि समय रहते उपयुक्त कदम नहीं उठाए गए, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती है।

Categorized in: