अंबिकापुर। सूरजपुर जिला के भटगांव थाना अंतर्गत जरही नगर पंचायत में रहने वाले ठेकेदार के घर के पीछे का दरवाजा तोड़कर चोर नकदी सहित करीब 4-5 लाख का जेवरात चोरी कर लिए। घटना की रिपोर्ट भटगांव थाना में दर्ज कराई गई है, जिस पर पुलिस केस दर्ज करके जांच, विवेचना में जुट गई है।
जरही नगर पंचायत में बी टाइप मकान में रहकर ठेकेदारी करने वाले प्रशांत कुमार पाण्डेय पिता स्व. अवध किशोर पाण्डेय 45 वर्ष ने पुलिस को बताया है कि 9 जुलाई को रोजाना की भांति वे अपनी धर्मपत्नी के साथ सुबह करीब 9.30 बजे डीव्हीएम इंटरनेशनल स्कूल गए थे। स्कुल से अपरान्ह करीब 3.30 बजे जब अपने परिवार के साथ निवास में पहुंचे, और घर में लगे ताले को खोलने के बाद दरवाजा खोलने का प्रयास किया, तो दरवाजा नहीं खुला। जब वे घर के पीछे गए तो आंगन का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर किचन में लगा लकड़ी का दरवाजा टूटा था। घर में अंदर रखी अलमारी का पूरा सामान बिखरा था। घर में सामने का दरवाजा चोरों ने अंदर से बंद कर दिया था। अलमारी के लॉकर में रखा गहना व नकद रकम चोर ले गए थे। चोरों ने स्कूल व जमीनों का दस्तावेज भी अटैची को तोड़कर चोरी कर लिया। आलमारी में रखे जेवर का मिलान करने पर सोने के जेवरों में 4 नग चेन, कान का 1 टॉप, 3 झुमका, एक कंगन, चांदी के जेवरों में 4 पायल, सहित अन्य जेवर नहीं था। चोर घर के पीछे लगे सीसीटीवी कैमरा को तोड दिए, लेकिन डीबीआर सुरक्षित रहने से इनकी करतूत कैद हो गई है। सीसीटीवी में अज्ञात 3 लोग एक बाइक में घर के सामने एवं पीछे की ओर घूमते व घुसते नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट पर पुलिस ने धारा 331(2), 305, 324(4), 3(5) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

Categorized in: