वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधकों की बैठक में दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
अंबिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने बैंक प्रबंधकों की बैठक लेकर सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साइबर ठगी में उपयोग म्यूल अकाउंट और संदिग्ध पॉइंट ऑफ सेल्स व संदिग्ध मोबाइल नंबर के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हेतु पैनी नजर रखने कहा गया। म्यूल अकाउंट एवं अन्य साइबर ठगी के मामलों में साइबर सेल से प्राप्त प्रतिवेदनों पर यथाशीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक ने दिए। इसके अलावा सुरक्षा दृष्टिकोण से बैंकों एवं एटीएम में सीसीटीवी कैमरे आवश्यक रूप से लगाने सहित सुरक्षा गॉर्ड आवश्यक रूप से रखने की समझाइस दी गई।
पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार साइबर ठगी के मामलों में उपयोग किए गए म्यूल बैंक अकाउंट, संदिग्ध पॉइंट ऑफ सेल्स (पीओएस) एवं संदिग्ध मोबाइल नम्बरों के विरुद्ध सख्ती से कार्रवाई करने के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने अपने कार्यालय के सभाकक्ष में 10 जुलाई को बैंक प्रबंधकों की बैठक ली। उन्होंने बैंक प्रबंधकों एवं स्टाफ को म्यूल अकाउंट एवं साइबर ठगी को अंजाम देने वाले संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हांकित करके पुलिस को सूचित करने के निर्देश दिए। साइबर ठगी के मामलों में पुलिस टीम द्वारा भेजे गए प्रतिवेदनों पर त्वरित कार्रवाई कर संदिग्ध बैंक खातों की जानकारी प्रदान करने सहित अन्य जानकारियां समय पर प्रदान करने कहा गया। संदिग्ध ट्रांजेक्शन की सूचना पर बैंक खाते फ्रीज करने के निर्देश दिए गए, जिससे साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर ठगी के शिकार व्यक्तियों को तत्काल राहत प्रदान किया जा सके। बैंक प्रबंधकों को सुरक्षा की दृष्टि से बैंकों के प्रवेश, निकासी मार्गों, अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर साथ ही प्रत्येक बैंक एटीएम कक्ष में सीसीटीवी कैमरे आवश्यक रूप से लगाने एवं हर बैंकों में सुरक्षा गॉर्ड आवश्यक रूप से रखने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बैंक प्रबंधकों से अपील करते हुए कहा गया कि अपने आस-पास के निशक्तजनों एवं अभावग्रस्त लोगों की सहायता करने भी वे अग्रणीय भूमिका का निर्वहन करें। बैठक मे विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, स्टाफ, साइबर सेल से प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक वीरेंद्र पैकरा, अनुज जायसवाल उपस्थित रहे।

Categorized in: