बलरामपुर। जमीन विवाद को लेकर जातिगत अपमान और गंभीर मारपीट के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरण में अनुसूचित जनजाति वर्ग के पीड़ित के साथ जातिसूचक शब्दों का उपयोग करते हुए लाठी-डंडे से हमला किया गया था।
प्रार्थी विक्कीलाल मरकाम निवासी ग्राम तेतरडीह ने चौकी तातापानी में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि उसकी पत्नी पार्वती पिछले 15 वर्षों से अपने मायके में रह रही है, जो विपत गुप्ता नामक व्यक्ति के इशारे पर चलती है। 27 जून की सुबह करीब 7 बजे विपत गुप्ता, पार्वती, झारी साय सहित अन्य आर्टिका वाहन में सवार होकर ग्राम तेतरडीह पहुंचे। सभी विक्कीलाल को जातिसूचक गालियां देकर धमकी देते हुए उसकी जमीन पर कब्जा करके खेती करवाने की बात कहने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट करना शुरू कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे विक्कीलाल के बहन और बहनोई को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनकी मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले में बीएनएस और अनुसूचित जाति जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा के तहत मामला पंजीबद्ध किया था। पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार पटवा पिता जमुना प्रसाद पटवा 48 वर्ष निवासी सुलसुली थाना त्रिकुण्डा, पार्वती मरकाम पति विक्कीलाल मरकाम 39 वर्ष निवासी तेतरडीह, उर्मिला पति श्यामलाल 37 वर्ष निवासी ओदारी थाना चलगली, झारी साय पिता भरत सिंह 35 वर्ष निवासी ग्राम पलगी थाना त्रिकुण्डा को गिरफ्तार करके न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Categorized in: