आईजी रतनलाल डांगी ने किया था मंदिर का उद्घाटन, कार्रवाई के लिए सड़क पर बैठकर प्रदर्शन

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट विकासखंड अंतर्गत ग्राम बरिमा में स्थित पुलिस प्रशिक्षण स्कूल में दो वर्ष पूर्व तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी के द्वारा उद्घाटित भारत माता व छत्तीसगढ़ महतारी के मंदिर को मंगलवार की दोपहर जेसीबी लगाकर पुलिस अधिकारियों ने जमींदोज कर दिया। दोनों मंदिरों को ढहाने का वीडियो जब इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो स्थानीय लोग एकजुट होकर पुलिस प्रशिक्षण स्कूल बरिमा पहुंच गए और सड़क पर बैठ आक्रोश व्यक्त किया। इनके द्वारा जमकर नारेबाजी की गई। मामले की लिखित शिकायत सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव (भाप्रसे) से की गई है और मंदिर को ढहाने में शामिल अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
विदित हो कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा हर शासकीय संस्था में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति या फोटो लगाने के निर्देश दिए गए हैं। मैनपाट के बरिमा में स्थित पुलिस प्रशिक्षण स्कूल में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति स्थापित की गई थी। इसे मंदिर का रूप दिया गया था। लगभग दो वर्ष पूर्व सरगुजा रेंज के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी ने इन मंदिरों का उद्घाटन किया था। मंगलवार की दोपहर करीब 12.30 बजे यहां पदस्थ पुलिस अधिकारियों ने दोनों मंदिर को जेसीबी लगाकर जमींदोज करा दिया। क्षेत्र के नागरिकों व हिंदू संगठन के लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो विरोध का स्वर मुखर होने लगा। पुलिस प्रशिक्षण स्कूल के बाहर एकजुट होकर लोग नारेबाजी करने लगे। इनके द्वारा मंदिरों को तोडऩे वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाने लगी। इधर पुलिस अधिकारियों की दलील है कि वे दूसरी जगह मंदिर बनवाएंगे।
शिकायत में इन पर लगाया आरोप
स्थानीय नागरिकों ने भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के मंदिर को तोडऩे पर आक्रोश व्यक्त करते हुए शिकायत पत्र पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज के नाम सौंपा है और दोषी पुलिस अधिकारियों का नाम उल्लेखित कर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया है कि भारत माता व छत्तीसगढ़ महतारी के मंदिर को पुलिस टे्रनिंग स्कूल के पुलिस अधीक्षक राजकुमार मिंज, उप पुलिस अधीक्षक रेमिजुइस तिग्गा व निरीक्षक सुरेश कुमार भगत द्वारा जेसीबी लगाकर तोड़वाया गया है। मंदिर तोड़े जाने से वे खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं। कहा गया है कि प्रदेश की सरकार ने हर कार्यालयों में भारत माता के साथ छत्तीसगढ़ महतारी का फोटो लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके परिपालन में सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों में इनकी फोटो लगाई गई है। वहीं इन पुलिस अधिकारियों ने दोनों माताओं के मंदिरों को ढहवा दिया।
दोषियों पर देशद्रोह की धारा के तहत हो कार्रवाई-भाजपा
फोटो-
मैनपाट पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में स्थित भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के लोकप्रिय मंदिर को पीटीएस के अधिकारियों द्वारा तोड़े जाने के विरोध में भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस महानिरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आईजी सरगुजा रेंज से चर्चा करते हुए इस प्रकार की घटना पर चिंता व्यक्त किया तथा दोषी पुलिस अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस प्रकार की घटना से देशवासियों व देशभक्तों को गहरी पीड़ा पहुंची है, पीटीएस के दोषी अधिकारी एवं कर्मचारियों पर देशद्रोह की धारा के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर, प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव, पूर्व ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज, भाजपा कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता एवं देवनाथ सिंह पैकरा, संतोष दास, रूपेश दुबे, सर्वेश तिवारी उपस्थित थे।

Categorized in: