सर्राफा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा

अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के सूरजपुर, सरगुजा जिला के सर्राफा दुकानों में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। जो चोरियां हुई हैं उसके अपराधी अभी तक नहीं पकड़े गए हैं, जिससे दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है।
सर्राफा संघ ने इस ओर पुलिस अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराते हुए बताया है कि सरगुजा के बतौली विकासखंड में हाल में 24 जून को दीपांशु ज्वेलर्स के संचालक मुकेश सोनी के दुकान में चोरी की घटना हुई थी, इसके अपराधी पुलिस की पकड़ में नहीं आ पाए हैं। इसी दुकान संचालक के निवास बरपारा बतौली में इसी वर्ष आठ फरवरी को सोने-चांदी के जेवर एवं नगदी चोर के मामले में भी अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। सूरजपुर जिला
में भैयाथान मार्ग में स्थित विकास ज्वेलर्स में तीन जून को चोरी की घटना हुई थी, इस मामले में भी पुलिस के हाथ खाली हैं। यहां से भी चोरों ने सोना-चांदी के जेवर एवं नगदी की चोरी की थी। घटना के पूर्व सूरजपुर जिला के ही प्रतापपुर विकासखंड में प्रकाश ज्वेलर्स के संचालक नंदलाल सोनी के दुकान से जेवर एवं नगदी सहित लाखों के सामान की चोरी की वारदात में शामिल अपराधी नहीं पकड़े गए हैं। पुलिस प्रशासन के द्वारा इन घटनाओं में से एक भी घटना का पर्दाफास नहीं किया गया है, जिस कारण सर्राफा व्यवसायी नाराज हैं। भय इस बात का भी बना हुआ है कि चोर उनके प्रतिष्ठान को निशाने में ले सकते हैं। सर्राफा संघ के प्रतिनिधिमंडल में शामिल पूर्व उपाध्यक्ष एवं प्रमुख सलाहकार छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन व कार्यकारी अध्यक्ष सर्राफा संघ परशुराम सोनी, सर्राफा संघ अध्यक्ष सूरजपुर कुंज बिहारी गुप्ता, राजेश सोनी, सोनार उत्थान समाज के लुण्ड्रा ब्लॉक अध्यक्ष विकास सोनी, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष सोनार उत्थान समाज रघु सोनी ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात करके अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर सामान बरामद करने की मांग की, जिससे चोरियों की वारदात थमे और ऐसी घटना दोबारा ना हो सके। अपराधियों के नहीं पकड़े जाने पर सरगुजा संभाग ही नहीं छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन का समर्थन लेकर पूरे प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा।

Categorized in: