मारपीट का हुआ वीडियो वायरल, प्रतीक्षा बस स्टैंड से लगे गंगापुर की घटना
अंबिकापुर। शहर व आसपास के इलाके से सिलसिलेवार दोपहिया चोरी की घटनाएं हो रही है, चोर चारपहिया वाहनों को भी चोरी करने में नहीं चूक रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार की दोपहर शहर के गंगापुर स्थित तुलसी चौक में एक युवक अपने साथी के साथ स्कूटी चोरी करने पहुंचा, लेकिन उनकी मंशा सफल नहीं हो पाई। स्कूटी चोरी करते लोगों ने एक युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया, वहीं उसका साथी मौका देखकर वहां से फरार हो गया। पकड़ में आए युवक का लोगों ने हाथ-पैर बांध दिया और जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान काफी संख्या में लोग मौके पर जुट गए थे। कई लोगों ने इसका वीडियो भी मोबाइल पर बनाया है, जो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसकी सूचना पुलिस को मिली और पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक शहर के अंतर्राज्यीय बस अड्डा से लगे गंगापुर, तुलसी चौक में पुलिस लाइन अंबिकापुर निवासी चुटिया नामक युवक अपने एक साथी के साथ मंगलवार की दोपहर स्कूटी चोरी करने पहुंचा था। स्कूटी चोरी करने के दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। स्कूटी चोरी करने पहुंचे युवक को लोगों ने पकड़ लिया और हाथ-पैर बांधकर उसकी अच्छी खातिरदारी की। वीडियो सीसीटीवी कैमरे में वायरल होते ही लोगों ने उसे पहचान लिया, इधर साथी मौके से फरार होने में सफल हो गया। बताया जा रहा है कि युवक आदतन बदमाश है, इसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी का मामले दर्ज है। स्कूटी चोर की कुटाई की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने कब्जे में ले लिया है।
बयान
थाना गांधीनगर क्षेत्र के तुलसी चौक में दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे के बीच एक व्यक्ति की भीड़ के द्वारा पिटाई की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली और तत्काल मौके पर पहुंची। युवक को मुलाहिजा के लिए अस्पताल लाया गया। मामले की जांच के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अमोलक सिंह ढिल्लो, एएसपी सरगुजा

Categorized in: