मामला स्वामी आत्मानन्द स्कूल केशवपुर का, डीईओ ने जांच टीम का गठन किया
अंबिकापुर। स्वामी आत्मानंद स्कूल केशवपुर की महिला शिक्षकों को स्कूल के प्राचार्य व एक अध्यापक के द्वारा मानसिक, शारीरिक प्रताड़ना देने का मामला सामने आया है। महिला शिक्षकों सहित स्कूल के कई शिक्षकों ने इसकी शिकायत कलेक्टर सरगुजा से की है, जिस पर उन्होंने कार्रवाई का निर्देश दिया है। इसके बाद शिक्षा विभाग के अधिकारी मामले की जांच करने की बात कह रहे हैं। आरोप यह भी है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के दिन संयुक्त संचालक शिक्षा उनके स्कूल में आए थे, इन्होंने उनकी बातों को सुनने के बजाए धमकाते हुए सीधे उनकी नौकरी खाने की बात पर उतर आए, वहीं आरोपों को स्कूल के प्रभारी प्राचार्य ने निराधार बताया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम केशवपुर में स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ाने वाले शिक्षकों ने कलेक्टर को पिछले दिनों एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें महिला शिक्षकों ने प्राचार्य व एक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि स्कूल के प्राचार्य व शिक्षक के द्वारा उनको न सिर्फ मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है बल्कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे को जूम करके उनकी प्राइवेसी को जाना जा रहा है। एक शिक्षिका के छोटे बच्चे को फिडिंग के लिए समय देना इन्हें नागवार लगता है, जिस कारण छोटे बच्चे को घर में छोड़कर आना पड़ता है। वहीं किसी विशेष शारीरिक परेशानियों के दौर में छुट्टी की मांग करने पर इसे लिखित में देने के लिए कहा जाता है। इनका कहना है कि मामले में कलेक्टर सरगुजा ने शिक्षा विभाग के अधिकारी को जांच, कार्रवाई करने कहा है लेकिन आज तक उनके आदेशों का पालन नहीं हो पाया है। शिकायत के बाद वे खुद को और अधिक प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं।
बयान
स्वामी आत्मानन्द स्कूल के शिक्षकों ने कई बिंदुओं पर शिकायत की है, इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अशोक सिन्हा, जिला शिक्षा अधिकारी सरगुजा

Categorized in: