एसएलआरएम सेंटर जाकर स्वच्छता दीदियों को कांग्रेसजनों ने किया मिठाई वितरण
अंबिकापुर। स्वच्छता सर्वेक्षण वर्ष 2024 में एक बार पुन: राष्ट्रीय स्तर पर नगर पालिका निगम अंबिकापुर को सुपर स्वच्छ लीग में प्रथम स्थान प्राप्त होने पर जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा ने देवीगंज एसएलआरएम सेंटर जाकर स्वच्छता दीदियों को मिठाई वितरित करके उनका उत्साहवर्धन किया। वर्ष 2022-23 से 2024-25 में तीन वर्षों के दौरान किए गए सर्वे के आधार पर अंबिकापुर को पूरे देश में 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस दौरान निगम में महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में कांग्रेस सत्तारुढ़ थी। इस उपलब्धि को हासिल करने में स्वच्छता दीदियों की अहम भूमिका होने के कारण कांग्रेस ने इस मौके को उनके साथ बांटा, और उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने अंबिकापुर वासियों को बधाई देते हुए कहा कि पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में निगम में कांग्रेस बॉडी के द्वारा किए गए कार्यों को एक बार पुन: प्रमाणिकता मिली है। पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि इस उपलब्धि के लिए पूरा शहर बधाई का पात्र है। जिस अवधि के लिए यह पुरस्कार मिला है, उस अवधि में वर्तमान महापौर मंजूषा भगत विपक्ष की पार्षद थीं। आज वे शहर के महापौर के रुप में उस मंच पर मौजूद थीं जहां शहर को पुरस्कार दिया गया। अगर यह पुरस्कार सीधे उन्हें दिया जाता, तो शहर के साथ ही आदिवासी समाज और अधिक गौरवान्वित होता। नगर निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल ने शहर सहित नगर निगम के पूरे अमले, विशेष तौर पर स्वच्छता दीदियों को बधाई देते हुए कहा कि हमारे किए हुए कार्यों की बदौलत आज अंबिकापुर शहर राष्ट्रीय स्तर पर सुपर स्वच्छता लीग क्लब में शामिल हो गया। सतत रुप से इस क्लब में शामिल रहने के लिए शहर को निरंतर स्वच्छता मानक के 85 अंक प्राप्त करते रहने होंगे, लेकिन भाजपा सरकार आने के बाद नगर निगम निरंतर संसाधनों की कमी से जूझ रहा है। ट्रिपल इंजन की सरकार आने के बाद भी यह दौर जारी है। इस कारण वे सुपर स्वच्छता लीग में अंबिकापुर शहर के निरंतर बने रहने को लेकर चिंतित हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा स्वच्छता दीदियों के सम्मान की इस पहल के दौरान हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, सीमा सोनी, विनोद एक्का, मदन जायसवाल, गीता रजक, चंद्रप्रकाश सिंह, सतीश बारी, रजनीश सिंह, निक्की खान, शुभम जायसवाल, अविनाश कुमार, विकास केशरी, विरेन्द्र सिन्हा, अमित मिंज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
विगत 6 माह का अनुभव नकारात्मक रहा-शफी
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने निगम के पूर्व सभापति अजय अग्रवाल की बातों पर सहमति जताते हुए कहा कि हमने स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश में सतत रुप से अंबिकापुर शहर को ऊंचाइयों पर रखा है। इस ऊंचाई पर शहर को कायम रखने के लिए शहर में ड्रेनेज सिस्टम, एसटीपी सहित बड़ी लागत वाले नवाचार की आवश्यकता है। प्रदेश में डबल इंजन और निगम में ट्रिपल इंजन के नाम पर लोगों ने इस उम्मीद के साथ मतदान किया है कि ऐसे नवाचार अंबिकापुर को उपलब्ध होंगे। हालांकि विगत 6 माह का अनुभव नकारात्मक रहा है।

Categorized in: