रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड ने एक आदेश जारी किया है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सभी मदरसों, मस्जिदों और दरगाहों में इस बार तिरंगा फहराया जाएगा। साथ ही वक्फ बोर्ड ने अपील भी किया है कि स्वतंत्रता दिवस के महत्व को समझते हुए लोग देशभक्ति, आपसी एकता और भाईचारे का परिचय दें। इस अवसर की गरिमा बनाए रखें। यह फरमान वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सलीम राज के निर्देश पर जारी किया गया है।

क्या कहा गया है बोर्ड द्वारा जारी आदेश में
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि 15 अगस्त 2025 को हमारा 78वीं स्वतंत्रता दिवस मनाया जाएगा। इस राष्ट्रीय पर्व के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य में स्थिति सभी मस्जिद, मदरसा, दरगाह के मुख्य द्वार पर राष्ट्रीय ध्वज का ध्वजारोहण किया जावे। स्वतंत्रता के महत्व को समझें तथा देशभक्ति, आपसी एकता एवं भाईचारे का परिचय देते हुए इस अवसर की गरिमा बनाये रखें। लेटर के अंतिम में लिया है कि अध्यक्ष द्वारा अनुमोदित। यह लेटर राज्य के समस्त मुतवल्ली, मस्जिद, मदरसा और दरगाहों के लिए भेजा गया है।

राज्य की सभी मस्जिदों, मदरसों और दरगाहों में 15 अगस्त पर फहराया जाएगा तिरंगा
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ सलीम राज ने मस्जिदों में तिरंगा फहराने के आदेश पर कहा कि जिस मस्जिद में झंडा नहीं फहराया जाएगा उन्हें पाकिस्तानी माना जाएगा। उन्होंने तिरंगा नहीं फहराने वाले मुतवल्लियों को सख्त चेतावनी भी दी है। उन्होंने कहा कि जिन मस्जिदों में इस आदेश का पालन नहीं किया जाएगा उन्हें देश का गद्दार माना जाएगा। प्रदेश के 3287 मस्जिदों में तिरंगा फहराना अनिवार्य होगा। वहीं, किस मस्जिद ने तिरंगा फहराया और किसने नहीं इसकी मॉनिटरिंग को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य की 3287 मस्जिद, मदरसों और दरगाहों को तिरंगा फहराकर वक्फ बोर्ड के पोर्टल पर फोटो अपलोड करना होगा। उन्होंने कहा कि फोटो के नीचे जगह और किस समय तिरंगा फहराया गया है यह लिखकर अपलोड करना है।

Categorized in: