भटगांव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की शर्मनाक हकीकत उजागर होने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रसव पीड़ा में तड़पती महिला को अस्पताल में न डॉक्टर मिला, न नर्स, न कोई मददगार। महिला को चार घंटे तक दर्द सहने के बाद अस्पताल के फर्श पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ा। और सबसे दर्दनाक पल था— खून से सना फर्श, जिसे प्रसूता को खुद अपने हाथों से साफ करना पड़ा।

घटना के संज्ञान में आने के बाद सूरजपुर कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने का आदेश जारी किया। जाँच समिति के सदस्य है सागर सिंह, अनुभागीय अधिकारी (रा.) भैयाथान, डॉ. कपिल देव चैकस, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. राकेश सिंह, खंड चिकित्सा अधिकारी भैयाथान। जांच समिति को निर्देश दिया गया है कि तथ्यों की बिंदुवार जांच कर, स्पष्ट अभिमत के साथ ही रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब भटगांव अस्पताल में इस तरह की लापरवाही हुई हो। डॉक्टर और स्टाफ का समय पर न पहुंचना आम बात बन चुका है। अब देखना यह है कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है, और क्या पीड़ित महिला को न्याय मिल पाएगा, या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।

जाने क्या है मामला
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग की बदइंतजामी का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। दो दिन पहले शनिवार को सूरजपुर जिले के CHC सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान चार घंटे तक तड़पना पड़ा। चार घंटे के इस कठिन दौर में महिला को ना तो चिकित्सा सुविधा मिल पाई और ना ही कोई स्टाफ मदद के लिए आगे आया। दर्द से बिलखती और अपने बच्चे के स्वास्थ्य की चिंता करती महिला को फर्श पर ही अपने बच्चे को जन्म देना पड़ा। शर्मनाक पहलू ये कि उसके बाद ही खुद ही फर्श को साफ भी किया। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली को लेकर सोशल मीडिया में यह वीडियो तेजी के साथ वायरल हो रहा है।

गर्भवती महिला अपनी सास के साथ प्रसव कराने के लिए भटगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थी। अस्पताल पूरी तरह सुना था। एक भी स्टाफ उस दौरान नजर नहीं आया। महिला इंतजार करते बैठी रही। गर्भवती महिला की सास परेशान हाल कभी अस्पताल की ओर नजर दौड़ाती तो कभी अस्पताल के बाहर सड़कों की ओर इस आस के साथ देखने लगती कि कोई स्टाफ आएगा तो सही। ना तो स्टाफ आया और ना ही चिकित्सा सुविधा ही मिल पाई। तब तक गर्भवती महिला दर्द से तड़पती रही। दर्द से बेहाल महिला ने फर्श पर ही बच्चे को जन्म दिया।

Categorized in: