वर्षों से सड़क की आस देख रहे ग्रामीण, ऊपर से पेयजल संकट की कसक 

लखनपुर। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत बेलदगी अंतर्गत खुटेनपारा से सड़क और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं का मामला सामने आया है। वर्षों बाद भी यहां के लोग सड़क और पानी जैसी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सरकारें बदली, विधायक, मंत्री बदले, लेकिन इस गांव की तस्वीर नहीं बदली। ग्रामीणों का सवाल है कि, उनकी समस्याओं को सुनेगा कौन? कई बार यह समस्या पंचायत के सरपंच तक पहुंची, लोगों ने ग्राम सचिव और आला अधिकारियों तक गुहार लगाई, परंतु वर्षों बाद भी हालात में तब्दीली नहीं आ पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि, मौजूदा विधायक गांव में आए, बैठे और बिस्कुट खिलाया, बोले मुझे जीता दो रोड बन जाएगा। विधायक जीत गए और मंत्री भी बन गए, और दुबारा प्रस्ताव दे दो, बोलकर चले गए। कहा जाए तो जीत के बाद सड़क बन जाने का किया गया वायदा आश्वासन बनकर रह गया। मानसूनी बरसात आने में अब ज्यादा दिन शेष नहीं हैं, फिर भी ग्रामीणों की निगाह बरसात के पूर्व सड़क बनने और पेयजल की समुचित व्यवस्था पर टिकी है।

बरसात में बच्चों को स्कूल नहीं भेज पाते ग्रामीण

बता दें कि, लखनपुर से 5 किलोमीटर के फासले पर बेलदगी ग्राम का एक मोहल्ला है खुटेनपारा, जहां करीब 25-30 परिवार निवासरत हैं। इसके करीब ही ग्राम कोसंगा से लखनपुर जाने के लिए एक पगडंडीनुमा रास्ता बना हुआ है, जो केंवरी ग्राम से जुड़ता है, इससे होते हुए मैनपाट मार्ग जाता है। इस सड़क को बनाने की मांग करते ग्रामीणों की आंखें पथरा गई हैं। बात करें लोगों के परेशानियों की तो बरसात के दिनों में यह रास्ता कीचड़ से सन जाता है, इसके बाद इस रास्ते से लखनपुर तक आना-जाना काफी दुष्कर रहता है। बच्चों को स्कूल जाने में काफी परेशानी होती है। हालात इतने बदतर हो जाते हैं कि बच्चों के माता-पिता इस अवधि में स्कूल भेजने से कतराते हैं, जिससे इनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।

पानी की व्यवस्था के लिए तीन किमी कर रहे सफर

दूसरी परेशानी इस गांव में पानी की है। यहां बोर तो लगा है लेकिन पंप असामाजिक तत्वों ने चोरी कर लिया। इसकी सूचना ग्रामीणों द्वारा थाने में दी गई पर चोरों का पता आज तक नहीं चला और न ही बोर सुधर पाया। इसके बाद विगत तीन महीनों से ग्रामीणों के सामने पेयजल की समस्या आ खड़ी हुई है। एक बोर लगाया भी गया, तो उसका स्टार्टर एक निजी व्यक्ति के घर के अंदर लगा है, जिस कारण आए दिन लोगों का विवाद पानी भरने को लेकर होता है। ग्रामीण बड़ी मशक्कत से 3 किलोमीटर दूर ग्राम केंवरी पानी लेने के लिए जाने मजबूर हैं।

हैंडपंप बेकाम के, नल-जल योजना का मोटर चोरी

गांव में हैंडपंप तो लगे हैं पर किसी काम के नहीं हैं। कई जगह बोर लगने के बाद इसे अन्यत्र निकाल कर ले जाया गया, या फिर हैंडपंप खराब स्थिति में हैं। नल-जल योजना भी मोटर चोरी के बाद ठप पड़ा हुआ है। ग्रामीणों के द्वारा कई बार इस संबंध में सरपंच, सचिव के समक्ष सड़क, पानी व्यवस्था सुलभ कराने का प्रस्ताव रखा गया, परंतु आज तक इस ओर कोई प्रयास नहीं किया जा सका है। देखना यह होगा कि खबर प्रकाशन के बाद विधायक, मंत्री या प्रशासन इस मामले में क्या प्रयास करता है, या फिर लोगों को नाउम्मीदी का सामना करना पड़ता है।

Categorized in: