शोभायात्रा में शामिल होने उमड़े शहरवासी, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर

अंबिकापुर। श्रीराम सेना द्वारा चैत्र नवरात की सप्तमी तिथि, सोमवार को श्रद्धा व उल्लास के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा शहर के गांधी चौक स्थित मां दुर्गा मंदिर से प्रारंभ हुई, इसके बाद शहर का नजारा ही बदल गया। हाथों में झंडा लिए युवक-युवतियों का सैलाब सड़क पर देखने को मिल रहा है, ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे पूरा शहर भी उमड़ पड़ा हो। शोभायात्रा गांधी चौक से घड़ी चौक, देवीगंज रोड होते हुए समलाया मंदिर पहुंची, यहां पूजार्चना की गई। इसके बाद शोभायात्रा महामाया मंदिर पहुंची, यहां आरती के बाद प्रसाद वितरण कर शोभायात्रा का समापन किया गया। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में महिला-पुरूष, बच्चे शामिल हुए। शोभायात्रा में कालीहांड़ी कटप्पा उड़ीसा, काली माई झांकी गुजरात, मोनू एंड टीम अंबिकापुर, महाबली हनुमान जी मेरठ, भगवान शंकर व माता पार्वती की झांकी बनारस, राधा-कृष्ण के नृत्य की झांकी रायपुर के अलावा महाकाल डमरू वादन उज्जैन, धुमाल एवं ढोल भाटापारा आकर्षक का केन्द्र रहे। जगह-जगह शोभायात्रा का भक्तों ने स्वागत किया।


बता दें चैत्र नवरात्र को लेकर लोगों में खास उल्लास है। देवी मंदिरों में प्रतिदिन दर्शन के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। नवरात्र के पहले दिन से ही पूरा शहर भगवामय हो गया है। पूरा शहर भगवा झंडा से अटा पड़ा है। वहीं चैत्र नवरात के छठवें दिन श्रीराम सेना द्वारा सोमवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसका शहरवासियों को इंतजार था। तेज धूप के कारण शोभायात्रा का समय सायं पांच बजे से किया गया था, इसके बाद भी लोग तीन बजे के बाद से ही मां दुर्गा मंदिर परिसर में पहुंचने लगे थे। शोभायात्रा की झांकी के विशेष पात्र विभिन्न रूपों में जैसे ही गांधी चौक स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचे, इन्हें देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोई इनके साथ सेल्फी लेने आतुर था तो कोई शोभायात्रा में इनके इर्द-गिर्द नाचते नजर आ रहा था। लोगों में शोभायात्रा को लेकर अलग ही उल्लास रहा। घड़ी चौक में शोभायात्रा करीब पौन घंटे डटी रही। यहां कालीहांडी कटप्पा उड़ीसा की टीम ने जबरदस्त जलवा बिखेरा, जिससे लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान चहुंओर जयश्री राम के जयकारे की गूंज हो रही थी। शोभायात्रा देवीगंज रोड होते समलाया मंदिर पहुंची। यहां पूजार्चना के बाद मां महामाया मंदिर में पूजा-पाठ करके प्रसाद वितरण किया गया। शोभायात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम के साथ कोतवाली, गांधीनगर, मणिपुर पुलिस थाना के अधिकारियों की टीम डटी रही।

शोभायात्रा का विभिन्न संगठनों ने किया स्वागत
नवारात्रि की सप्तमी को श्रीराम सेना द्वारा निकाले गए शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। रास्ते भर विभिन्न संगठनों के द्वारा पुष्पवर्षा किया गया। शोभायात्रा में शामिल लोगों के लिए ठंडा पानी, शरबत सहित अन्य पेय पदार्थों की व्यवस्था की गई थी।

झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
शोभायात्रा में भगवान श्री राम, लक्ष्मण और सीता की आकर्षक झांकी के साथ कलाहांडी कटप्पा ओड़िशा, काली माई गुजरात की झांकी, महाबली हनुमान जी मेरठ, भगवान शंकर-माता पार्वती की झांकी बनारस, राधा कृष्ण नृत्य झांकी रायपुर के अलावा उज्जैन के महाकाल का डमरू वादन आकर्षण का केंद्र रहा।

Categorized in: