स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी के लिए अंबिकापुर विधायक के निर्देश पर निरीक्षण की पहल
लखनपुर। अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल के निर्देश पर प्रतिनिधियों ने लखनपुर अस्पताल का निरीक्षण करके चिकित्सा अधिकारियों से विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की और सख्त निर्देश दिए। इस मौके पर नए बन रहे सीएचसी भवन के जल्द से जल्द निर्माण कार्य कराने संबंधित अधिकारी से चर्चा करके अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराने कहा गया। अस्पताल में डॉक्टरों की कमी को लेकर प्रतिनिधियों ने विधायक राजेश अग्रवाल को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने उच्च अधिकारियों का ध्यानाकर्षण कराया है।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल में एक्स-रे फिल्म की भारी कमी सामने आई, जिस कारण मरीजों को एक्स-रे रिपोर्ट समय पर नहीं मिल पा रहा था। प्रतिनिधियों ने तत्काल मरीज को एक्स-रे रिपोर्ट देने निर्देशित किया है। प्रसूति वार्ड के छत में प्लास्टर और छड़ दिखाई देने पर इसका मरम्मत कराने कहा गया। प्रसूति गृह में बच्चे को रखने वाले टेबल को ठीक कराने कहा गया। प्रसूति के डॉक्टर की मांग बीएमओ के द्वारा की गई, जिससे सीएमएचओ को अवगत कराते हुए आवश्यक सहयोग मांगा गया है। अस्पताल में बच्चे के डॉक्टर, सर्जन की भी कमी है। निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधियों ने कहा कि ऑक्सीजन सिलिंडर में गैस की कमी नहीं होनी चाहिए, ताकि इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को दिक्कत न हो। पैथोलॉजी विभाग में सीबीसी मशीन खराब मिला, वहीं केवल एचबी का टेस्ट होना पाया गया। इसके अलावा अन्य कमियों को दूर करने कहा गया। पीडब्ल्यू विभाग को दिनेश साहु ने कमियों से अवगत कराते हुए इसे तत्काल दूर करने की पहल करने कहा है। साथ ही ड्यूटी पीरियड में चिकित्सकों से अपने निजी क्लीनिक का मोह त्यागने कहा गया। अस्पताल के निर्धारित समय में अस्पताल के मरीजों का पूरा ध्यान देकर इलाज करने निर्देशित किया गया। विधायक प्रतिनिधि रवि अग्रवाल ने नए सीएचसी भवन निर्माण का जायजा लिया साथ ही सीजीएमएससी के अधिकारी से बात करके तेज गति में गुणवत्तापूर्ण निर्माण करने कहा। बता दें कि एम्बुलेंस से लेकर स्वास्थ की हर समस्या को लेकर विधायक अग्रवाल ने जिला एवं रायपुर में एक अलग टीम बनाई है, जिससे क्षेत्र के हर नागरिक को सुविधा मिल सके। आने वाले समय में मरीजों के लिए एक महीने के अंदर एम्बुलेंस एवं पैथोलॉजी, प्रसूति से संबंधित समस्या को सुव्यवस्थित करने की ओर इन्होंने ध्यान दिलाया है। इस दौरान मुख्य रुप से विधायक प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष दिनेश साहू, विधायक प्रतिनिधि कृष्ण कुमार शर्मा एवं राकेश अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, सिद्धांत अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित थे।

Categorized in: