जरही। सूरजपुर जिला के जरही नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारियोंपर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया जिसमेें 5 जख्मी हो गए, इनमें से तीन की स्थिति सामान्य है।
जानकारी के मुताबिक नगर पंचायत जरही के 5 कर्मचारी गुरुवार को सुबह 11 बजे नपं कार्यालय में स्थित टंकी में पानी की स्थिति देखने के लिए चढ़े थे, इसी दौरान पानी टंकी पर छत्ता बनाए मधुमक्खियों ने इन पर हमला कर दिया, तीन लोग इनसे बचने के लिए टंकी के अंदर घुस गए, जिससे कुछ ही मधुमक्खियों ने इन्हें जख्मी किया, वहीं देवेंद्र कुमार पटेल और प्लेसमेंट कर्मचारी रविशंकर तिवारी को मधुमक्खियों ने कुछ ज्यादा ही जख्मी कर दिया। इनका भटगांव अस्पताल में इलाज चल रहा है। देवेंद्र पटेल को अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई बार छत्ता हटाने का किया गया आग्रह
नगर पंचायत कार्यालय परिसर में स्थित पानी टंकी में लगे मधुमक्खी के छत्ते को हटाने का कई बार लोगों ने निवेदन किया है मगर अधिकारियों ने इस ओर ध्यान देना उचित नहीं समझा। इससे पूर्व भी मधुमक्खियों के द्वारा हमला करने की स्थिति बन चुकी है। जहां नगर पंचायत कार्यालय है वहीं जरही का साप्ताहिक बाजार मंगलवार को लगता है। इससे पहले भी बाजार में मधुमक्खियों ने हमला किया है, जिससे भगदड़ की स्थिति बन चुकी है। नगर पंचायत भी छत्ते को हटवाने की दिशा में कोई सार्थक कदम नहीं उठाया है।

Categorized in: