उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने जनसंपर्क व सभाओं में नई मतदान प्रणाली की दी जानकारी

अंबिकापुर। नगर निगम चुनावों में कांग्रेस पार्टी के महापौर और पार्षद उम्मीदवारों के लिए गुरूवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने शहर के 9 वार्डों में सघन प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान उन्होंने पार्षदों के कार्यालय के उद्घाटन के साथ ही साथ डोर टू डोर जनसंपर्क और नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। उन्होंने मतदाताओं एवं कार्यकर्ताओं के समक्ष पार्टी का पक्ष रखने के साथ ही नगरीय निकाय चुनाव में वोटिंग मशीन पर तय की गई नई मतदान प्रणाली से भी अवगत कराया।

उल्लेखनीय है कि स्थानीय निर्वाचन, नगरीय निकाय चुनाव में वोटिंग मशीन से मतदान करवा रहा है। मतदाताओं को एक ही वोटिंग यूनिट में महापौर और पार्षद के लिए दो बार बटन दबाकर मतदान करना है। प्रचार के दौरान अधिकांश मतदाताओं ने मतदान की इस नई प्रणाली से अनभिज्ञता जाहिर की। जनसंपर्क और सभाओं में उन्होंने नई मतदान प्रणाली से मतदाताओं को बारीकी से समझाया। उन्होंने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया कि निर्वाचन विभाग नई मतदान पद्धति से मतदाताओं को अवगत नहीं करा पा रहा है। उन्होंने निर्वाचन विभाग से अनुरोध किया है कि विभाग नगरीय निकाय चुनाव में मतदान की पद्धति को लेकर सघन शैक्षणिक प्रचार-प्रसार प्रारंभ करे, ताकि मतदान को लेकर मतदाताओं में फैले भ्रम को दूर किया जा सके। प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि निगम में 10 वर्ष के सेवा दौरान कांग्रेस की शहरी सरकार ने शहर को स्वच्छता के क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय ख्याति दिलवाई है। 118 करोड़ के अमृत मिशन योजना के माध्यम से घर-घर तक पेयजल पहुंचाया। इसका नतीजा है कि आज टैंकरों के माध्यम से पेयजल आपूर्ति पर निर्भरता समाप्त हो गई है। कांग्रेस की नगरीय सरकार ने गांधी स्टेडियम को शानदार खेल परिसर में बदल दिया है। शहर के अंदर नवीन सब्जी मंडी, निगम का नया कार्यालय, कई व्यवसायिक परिसर की स्थापना की है। इस दौरान उनके साथ जेपी श्रीवास्तव, शफी अहमद, गोपाल गुप्ता, अरविंद सिंह, मो. इस्लाम, अनूप मेहता, गुरुप्रीत सिंधु, निखिल विश्वकर्मा, सुधांशु गुप्ता सहित अन्य उपस्थित रहे।

कानून व्यवस्था के क्षेत्र में सरकार कमजोरी दूर करे
अंबिकापुर शहर और सरगुजा जिले में कानून व्यवस्था की चरमराई व्यवस्था को लेकर उन्होंने चिंता व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों पर हमले हो रहे हैं और उन्हें धमकाया जा रहा है। जब कानून व्यवस्था को सम्हालने वाले ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा तो भगवान भरोसे है। उन्होंने प्रदेश सरकार की प्रशासनिक दुर्बलता से बाहर आकर आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा।

Categorized in: