आरोपित पति, सास-ससुर व ननद ने मारपीट करने के बाद घर से निकाल दिया था

अंबिकापुर। दहेज की मांग करते हुए टोनही कहकर मारपीट व प्रताड़ित करने के मामले में रघुनाथपुर चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों के द्वारा 01 लाख रुपये की मांग कर महिला को टोनही कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा जप्त किया है।
पुलिस चौकी रघुनाथपुर में महिला बीते छह मई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वर्ष 2012 में उसका विवाह कोट निवासी उमाशंकर यादव से सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था, दोनों के दांपत्य जीवन के बीच 02 बच्चे भी हैं। शादी के एक साल बाद से ही ससुराल में कम दहेज लेकर आने की बात कहते हुए उससे मारपीट करते आ रहे थे। घटना दिनांक एक मई 2024 को देर शाम वह घर में खाना बना रही थी, इसी दौरान घरेलू बात को लेकर विवाद करते हुए पति उमाशंकर यादव उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। ससुर भोला यादव डंडा से उसके साथ मारपीट किया। इसके साथ सास राधा यादव एवं ननद सोनू यादव उस पर जादू टोना करने और टोनही होने का आरोप लगाते हुए मारपीट करने लगी, जिसमें उसे चोट भी आई है। बाद में सभी आरोपी मिलकर उसे घर से निकाल दिए। रिपोर्ट पर थाना लुण्ड्रा में धारा 294, 506, 323, 34, 498 (ए) भादवि, टोनही प्रताड़ना अधिनियम की धारा 4,5 का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना दौरान पुलिस ने पीड़ित महिला के स्वजनों का बयान दर्ज किया और आरोपी पति उमाशंकर यादव 32 वर्ष, ससुर भोला प्रसाद यादव 52 वर्ष, सास राधा यादव 50 वर्ष, ननद सोनू यादव 31 वर्ष सभी निवासी कोट डांडपारा, पुलिस चौकी रघुनाथपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी रघुनाथपुर राजेंद्र सिंह, महिला प्रधान आरक्षक ब्रिजीट सुषमा, प्रधान आरक्षक संजय कुमार नागेश, आरक्षक अरविन्द तिवारी, राकेश एक्का शामिल रहे।

Categorized in: