अंबिकापुर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस के एक दल ने श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के नेतृत्व में अंबिकापुर के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं हमर क्लिनिक के सेहत का जायजा लिया। नवागढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से उन्होंने इसकी शुरूआत की और शहर के 5 स्वास्थ्य केन्द्रों मगरढोढ़ा, बरेजपारा, गंगापुर और युनानी औषधालय के हमर क्लिनिक का जायजा लिया। जांच दल ने पाया कि सीएचसी नवागढ़ में 14 स्टाफ के सेटअप के विरुद्ध मात्र 7 कर्मचारी ही पदस्थ है, जिनमें मात्र 2 स्टाफ नियमित हैं, 5 स्टाफ का संलग्नीकरण किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने विगत वर्ष ही नियुक्ति के लिए आवेदन मंगवाए थे, लेकिन नई सरकार आने के बाद नियक्ति को ठंडे बस्ते में डालने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व हमर क्लिनिक में पर्याप्त मात्रा में कर्मचारी नहीं है, जिसके कारण इन्हें पूर्ण क्षमता से संचालित नहीं किया जा रहा है। ये सभी स्वास्थ्य केन्द्र लगभग 22 हजार की आबादी को कवर करते हैं। इस आबादी में मातृत्व स्वास्थ्य टीकाकरण के लिए मात्र एक स्टाफ मौजूद है, जो कि स्वास्थ्य विभाग की दयनीय स्थिति को सामने ला रहा है। स्टॉफ की कमी के कारण धार्मिक यात्राओं में जाने वाले लोगों को सही समय पर रिपोर्ट नहीं मिल पाने का तथ्य जांच के दौरान सामने आया। जांच दल ने पाया कि सीएचसी नवागढ़ में 54 प्रकार के टेस्ट की सुविधा है, लेकिन मात्र 30 टेस्ट के रिजेन्ट उपलब्ध हैं। इन 30 रिजेन्ट से भी संबंधित टेस्ट नहीं हो पा रहे हैं। सीएचसी स्ट्रिप वाले महज 8 टेस्ट कर रही है। उपयोग के अभाव में ये रिजेंट जल्द ही एक्सपायरी हो जाएंंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बताया कि नवागढ़ सीएचसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐसा स्टॉफ की कमी के कारण हो रहा है। सीएचसी में टेस्टिंग की यह स्थिति पूरे प्रदेश में व्याप्त है। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि प्रदेश भर के सीएचसी में मौजूद करोड़ों रुपये के टेस्टिंग रिजेंट जल्द ही एक्सपायरी हो जाएंंगे, जो छत्तीसगढ़ जैसे गरीब राज्य की जनता एवं राज्य के खजाने के साथ छल है। स्टाफ की कमी के कारण हमर क्लिनिक का संचालन नहीं हो पा रहा है। 5 स्टॉफ की नियुक्ति के विरुद्ध इन केन्द्रों में मात्र 3 स्टॉफ मौजूद हैं। हमर क्लिनिक में फार्मासिस्ट नहीं होने के कारण दवा वितरण नहीं हो पा रहा है। सरकार बदलने के बाद शहर में शेष बचे हमर क्लिनिक के भवनों का निर्माण रुक गया है। नवागढ़ में हमर क्लिनिक मात्र इस वजह से चालू नहीं हो पा रहा है कि वहां टॉयलेट नहीं बन पाया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निर्देश पर नागरिक हित में शहर में स्थित स्वास्थ्य केन्द्रों के औचक निरीक्षण का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। स्वास्थ्य केन्द्रों के निरिक्षण के दौरान जांच दल में मो. इस्लाम, अरविंद सिंह गप्पू, विनय शर्मा, मेराज गुड्डू, काजू खान, मो. बाबर, निक्की खान उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा हासिल उपलब्धि हुई ध्वस्त
श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष शफी अहमद ने इन स्वास्थ्य केन्द्रों के निरीक्षण के बाद बताया कि सरकार बदलने के मात्र 10 माह में ऐसा प्रतीत होता है कि स्वास्थ्य विभाग स्वयं बीमार हो गया है। पिछली सरकार में मात्र 5 सालों के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बहुमुखी नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग ने जो ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी वो ध्वस्त हो गई है।

Categorized in: