रायपुर। बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि सुशासन का दंभ भरने वाली साय सरकार के राज में आम आदमी छोटे-छोटे काम के लिये सरकारी दफ्तरों का चक्कर काटने को मजबूर हैं। पटवारी कार्यालय से लेकर तहसील दफ्तरों में लोगों के नामांतरण, फौत, त्रुटि सुधार के लाखों आवेदन लंबित है। लोगों के काम नहीं हो रहे, आम आदमी सरकारी दफ्तर के चक्कर काटने को मजबूर है। बैज ने कहा यह बेहद दुर्भाग्यजनक है कि लाखों लोगों को सरकार के पास सड़क, नाली, बिजली, पानी जैसे रोजमर्रा के कामों के लिये आवेदन लेकर भटकना पड़ता है। साय सरकार लोगो के मूलभूत काम को भी नहीं कर पा रही है।

व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रदेश में सारी व्यवस्थाएं चरमरा गई हैं। अब तक 135 लाख करोड़ का कर्ज लिया जा चुका है। बिजली कटौती, पेयजल की समस्या, शिक्षकों की कमी, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, व्यापारी अनियमित जीएसटी से परेशान हैं। प्रदेश में मात्र 33 प्रतिशत स्टील उद्योग चल रहे हैं बांकी महंगी बिजली एवं प्रशासनिक अराजकता के चलते बंद हो गए हैं। अनियमित कर्मचारी, दिव्यांगजन वादाखिलाफी से त्रस्त हैं।

जनता को उठानी पड़ रही है परेशानी
गरीबों को चावल के लिए राशन दुकानों के चक्कर काटना पड़ता है, महतारी वंदन के 1000 रुपये के लिए माताओं, बहनों को धूप में केवाईसी कराने के लिए घंटों खड़े होना पड़ रहा है। 500 रुपये में गैस सिलेंडर का वादा जुमला निकला। प्रधानमंत्री आवास को तोड़ा जा रहा है। अवैध शराब की बिक्री जोरों पर है।

पूरी तरह असफल भाजपा सरकार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने के बाद सिर्फ भाजपा नेताओं के लिए सुशासन है कमीशन खोरी और भ्रष्टाचार जोरों पर है। कोई ऐसा विभाग नहीं बचा है जहां भाजपा के बिचौलिया नहीं हो। ढाई साल में सड़क का मरम्मत नहीं हो पाई, स्कूलों के बिल्डिंग ध्वस्त हो रही है, अस्पतालों में दवाइयां नहीं है, जांच मशीनें खराब पड़ी हैं, आयुष्मान का भुगतान रोके जाने से निजी अस्पताल इलाज में बहानेबाजी करके मरीजों को लौटा रहे है। भाजपा सरकार पूरी तरह असफल साबित हो गई है।

Categorized in: