सडक, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट की बदहाली को लेकर किया जमकर प्रदर्शन

अंबिकापुर। युवा कांग्रेस ने शहर की जर्जर सड़कों, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों समेत विभिन्न मूलभूत समस्याओं का आरोप लगाकर मंगलवार को नगर निगम कार्यालय का घेराव करके प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रैली निकालते हुए निगम कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। निगम कार्यालय के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए थे।

पुलिस ने बैरिकेडिंग स्थल पर प्रदर्शन कारियों को रोकने का प्रयास किया, हालांकि युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता जोर-आजमाइस करते बैरिकेड पार करके निगम परिसर के मुख्य गेट तक पहुंच गए। बाद में पुलिस ने इन्हें प्रवेश द्वार पर रोक दिया। इस दौरान कुछ देर तक धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। इसके बाद युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप को ज्ञापन सौंपकर विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

युवा कांग्रेस का आरोप है कि, नगर निगम क्षेत्र के 48 वार्डों में सफाई व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। शहर की अधिकांश सड़केंं बारिश में जर्जर हो चुकी हैं और जगह-जगह बने गड्ढों से आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित है, जबकि रिंग रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी हैं। प्रमुख चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद होने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के प्लेसमेंट कर्मचारियों का 7 से 8 माह से लंबित वेतन तत्काल जारी करने की मांग उठाई। युवा कांग्रेस के नेताओं ने चेतावनी दी कि, यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल से चर्चा आज

नगर निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने कहा कि ज्ञापन में सामने लाए गए बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा के लिए युवा कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बुधवार को बुलाया गया है। जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव होगा, उन पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि, शहर में नियमित सफाई कराई जा रही है। बारिश के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है और पानी कुछ समय के लिए मटमैला हो सकता है, लेकिन नागरिकों को शुद्ध पेयजल ही उपलब्ध कराया जा रहा है।

Categorized in: